सेशेल्स दौरा पूरा कर भारत लौटे पीएम मोदी, 19 समझौतों से द्विपक्षीय संबंधों को मिली नई मजबूती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन दिवसीय सेशेल्स दौरा पूरा कर भारत के लिए प्रस्थान किया। रवाना होने से पहले उन्होंने भारतीय समुदाय से मुलाकात की, अरुल मिहु नवशक्ति विनायकर मंदिर में पूजा-अर्चना की और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। दौरे के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच 19 महत्वपूर्ण समझौतों और विकास परियोजनाओं की घोषणा की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना तीन दिवसीय सेशेल्स दौरा पूरा कर भारत के लिए प्रस्थान किया। दौरे के अंतिम दिन उन्होंने राजधानी विक्टोरिया में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उनके साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने समुदाय के सदस्यों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। भारत लौटने से पहले प्रधानमंत्री ने अरुल मिहु नवशक्ति विनायकर मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और विक्टोरिया स्थित पीस पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरे के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा देने वाले 19 महत्वपूर्ण समझौतों और विकास परियोजनाओं की घोषणा की गई। दोनों देशों ने डिजिटल भुगतान प्रणाली के तहत सेशेल्स में यूपीआई आधारित भुगतान व्यवस्था शुरू करने, 1,250 करोड़ रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट उपलब्ध कराने तथा साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, अंतरिक्ष और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
भारत ने सेशेल्स को फास्ट पेट्रोल वेसल, 10 यूटिलिटी वाहन, 5 नौकाएं, 6 एम्बुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट भी सौंपा। इन पहलों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच विकास सहयोग को और मजबूत बनाना तथा हिंद महासागर क्षेत्र में साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी भाग लिया। यह पहली बार था जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री सेशेल्स के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बना। इस वर्ष सेशेल्स की आजादी के 50 वर्ष पूरे होने के साथ-साथ भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के भी 50 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर ने दोनों देशों के दशकों पुराने मित्रतापूर्ण संबंधों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
राष्ट्रीय दिवस पर आयोजित भव्य परेड में असम राइफल्स, भारतीय नौसेना और भारतीय नौसेना के मार्चिंग बैंड ने भी हिस्सा लिया। परेड के दौरान प्रधानमंत्री मोदी भारतीय सैन्य दल के सम्मान में खड़े होकर उनका अभिवादन करते नजर आए। वहीं भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षाक भी पोर्ट विक्टोरिया पहुंचे, जिसने दोनों देशों के रक्षा सहयोग को भी प्रदर्शित किया।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'गार्जियन ऑफ ब्लू होराइजन' से सम्मानित किया गया। यह उनके लिए एक और महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मान रहा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अब तक 34 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किए जा चुके हैं। यह दौरा भारत और सेशेल्स के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।