प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरा हुआ विश्वासा बाई का पक्के घर का सपना

कबीरधाम जिले के ग्राम सेन्हाभाठा की विश्वासा बाई का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से साकार हुआ। आवास के साथ मनरेगा, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, शौचालय, बिजली, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और महतारी वंदन योजना का लाभ मिलने से उनका जीवन सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक बन गया।

Jun 29, 2026 - 15:16
 0  2
प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरा हुआ विश्वासा बाई का पक्के घर का सपना

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l सुरक्षित और सम्मानजनक आवास हर परिवार की मूल आवश्यकता होती है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण अनेक परिवार वर्षों तक इस सपने से वंचित रह जाते हैं। कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत सेन्हाभाठा निवासी विश्वासा बाई का जीवन भी कभी ऐसी ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करना उनकी मजबूरी बन गया था। कच्चे मकान में रहना उनके लिए हर मौसम में नई परेशानियां लेकर आता था।

गर्मी के दिनों में कच्चा घर असहनीय गर्मी से भर जाता था, जबकि सर्दियों में ठंडी हवाएं घर के भीतर तक पहुंच जाती थीं। सबसे अधिक कठिनाई बरसात के मौसम में होती थी, जब छत टपकने लगती थी और घर के भीतर पानी भर जाता था। पूरी रात पानी निकालने में बीत जाती थी और जहरीले जीव-जंतुओं का भय हमेशा बना रहता था। ऐसे हालात में पक्का घर उनके लिए केवल एक सपना बनकर रह गया था।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने विश्वासा बाई के जीवन में नया बदलाव लाया। आवास प्लस सर्वे में पात्र पाए जाने के बाद वर्ष 2025-26 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्का मकान स्वीकृत हुआ। शासन की आर्थिक सहायता और प्रशासन के मार्गदर्शन से उन्होंने अपने नए घर का निर्माण कराया और वर्षों का सपना साकार हो गया।

आज विश्वासा बाई अपने परिवार के साथ पक्के और सुरक्षित घर में सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं। अब उन्हें बारिश, आंधी और खराब मौसम की चिंता नहीं रहती। मजबूत आवास ने उनके परिवार को सुरक्षा, आत्मविश्वास और बेहतर जीवन का नया आधार दिया है। उनके अनुसार अब बच्चों का भविष्य भी अधिक सुरक्षित महसूस होता है और पूरा परिवार सुकून के साथ जीवन बिता रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ उन्हें कई अन्य शासकीय योजनाओं का भी लाभ मिला। मनरेगा के तहत मकान निर्माण में मजदूरी, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय, उज्ज्वला योजना से रसोई गैस कनेक्शन, जल जीवन मिशन से घर तक नल-जल सुविधा, बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा महतारी वंदन योजना जैसी सुविधाओं ने उनके जीवन को पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक बना दिया है।

विश्वासा बाई कहती हैं कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उनका भी अपना पक्का घर होगा। आज अपने नए घर के आंगन में खड़े होकर उन्हें गर्व और आत्मसंतोष का अनुभव होता है। वे कहती हैं कि उन्हें केवल एक मकान नहीं मिला, बल्कि सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने का नया विश्वास मिला है। उनकी कहानी यह दर्शाती है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने का माध्यम बन रही हैं।