नवा रायपुर टेक्सटाइल पार्क में पहली यूनिट का भूमिपूजन, 235 करोड़ के निवेश से 4650 लोगों को मिलेगा रोजगार
नवा रायपुर के टेक्सटाइल पार्क में पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया गया। स्विफ्ट टेक्सटाइल्स 235 करोड़ रुपए का निवेश करेगी, जिससे 4650 लोगों को रोजगार मिलेगा। टेक्सटाइल पार्क में कुल तीन कंपनियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है और 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नवा रायपुर में विकसित किए जा रहे आधुनिक टेक्सटाइल पार्क में औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया गया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस परियोजना की आधारशिला रखी। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड यहां 235 करोड़ रुपए का निवेश कर अत्याधुनिक गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगी, जिससे लगभग 4650 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लखन लाल देवांगन ने कहा कि टेक्सटाइल उद्योग केवल औद्योगिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका और रोजगार का मजबूत आधार भी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के युवाओं और महिलाओं को उनके घर के आसपास ही रोजगार उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े। स्विफ्ट टेक्सटाइल्स की स्थापना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
ओ.पी. चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश का नया टेक्सटाइल हब बनाना है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को बिजली, पानी, सड़क, लॉजिस्टिक्स और अन्य आवश्यक अधोसंरचना प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार कर रही है, जिससे राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
नवा रायपुर में लगभग 81 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां टेक्सटाइल, गारमेंट, तकनीकी वस्त्र एवं उनसे जुड़े सहायक उद्योगों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पार्क में चौड़ी पक्की सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, विद्युत उपकेंद्र, जल प्रदाय प्रणाली, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, व्यावसायिक परिसर, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र तथा कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी आधुनिक अधोसंरचनाएं तैयार की जा रही हैं।
स्विफ्ट टेक्सटाइल्स मुख्य रूप से बच्चों के परिधान (किड्सवियर) और निट गारमेंट्स का निर्माण करेगी, जिनका निर्यात यूरोप और अमेरिका सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में किया जाएगा। इसके अलावा टेक्सटाइल पार्क में पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी भूमि आवंटित की जा चुकी है। इन तीनों कंपनियों द्वारा कुल लगभग 445 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट उद्योग को थ्रस्ट सेक्टर के रूप में प्राथमिकता दी गई है। नई नीति के तहत महिला कर्मचारियों के लिए प्रति माह 6 हजार रुपए तथा पुरुष कर्मचारियों के लिए 5 हजार रुपए तक की रोजगार सहायता पांच वर्षों तक देने का प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार का मानना है कि इन प्रोत्साहनों और आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना के माध्यम से छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेश केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।