छत्तीसगढ़ में 29 जून से सहकारी सप्ताह, प्रदेशभर में होंगे जनजागरूकता और सहकारिता से जुड़े विविध आयोजन

भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारी सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में सहकार मेला, चिंतन शिविर, किसान संगोष्ठी, सदस्यता अभियान, वृक्षारोपण सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। रायपुर में 3 और 4 जुलाई को राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा।

Jun 26, 2026 - 11:46
 0  2
छत्तीसगढ़ में 29 जून से सहकारी सप्ताह, प्रदेशभर में होंगे जनजागरूकता और सहकारिता से जुड़े विविध आयोजन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक पूरे छत्तीसगढ़ में सहकारी सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास, आत्मनिर्भरता और किसानों की आर्थिक मजबूती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार ने इस आयोजन को जनआंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी शुरू कर दी है।

सहकारी सप्ताह के अंतर्गत राज्य स्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह और सहकारी संगोष्ठी जैसे प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों का मुख्य कार्यक्रम 3 और 4 जुलाई को रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर के कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि सहकारिता मंत्री केदार कश्यप इसकी अध्यक्षता करेंगे।

सहकारी सप्ताह की तैयारियों को लेकर 23 जून को सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की पैक्स समितियों एवं संभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सभी सहकारी संस्थाओं को आयोजन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेश की सभी 2573 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के अलावा दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों द्वारा सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम सुविधा, किसान क्रेडिट कार्ड एवं रू-पे केसीसी कार्ड वितरण, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठी तथा एफपीओ और पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे।

सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर 6 जुलाई को भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विकेंद्रीकृत विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के नौ पैक्स गोदामों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा। इसे ग्रामीण कृषि अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रायपुर में आयोजित होने वाले सहकार मेले में सहकारिता क्षेत्र की उपलब्धियों, नवाचारों और सफल मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, बुनकरों और ग्रामीण उद्यमियों को सहकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी। कार्यक्रम में नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको, कृभको, मार्कफेड, राज्य सहकारी संघ तथा अन्य प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय संस्थाएं भी भाग लेंगी।

राज्य सरकार का उद्देश्य सहकारी सप्ताह के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को नई गति देना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और अधिक से अधिक लोगों को सहकारी संस्थाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को मजबूत करना है।