लायंस क्लब शपथ ग्रहण समारोह में सेवा और सोशल पुलिसिंग का संकल्प, एसएसपी शशिमोहन सिंह की पहल बनी चर्चा का केंद्र

रायगढ़ में लायंस क्लब मिड टाउन परिवार के संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह में समाज सेवा और सोशल पुलिसिंग को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। नए पदाधिकारियों ने सेवा का संकल्प लिया, जबकि एसएसपी शशिमोहन सिंह ने हर वार्ड में सोशल पुलिसिंग टीम गठित करने और 4 जुलाई को सामाजिक मंथन सेमिनार आयोजित करने की घोषणा की। महापौर जीवर्धन चौहान सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Jun 30, 2026 - 10:52
 0  2
लायंस क्लब शपथ ग्रहण समारोह में सेवा और सोशल पुलिसिंग का संकल्प, एसएसपी शशिमोहन सिंह की पहल बनी चर्चा का केंद्र

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ शहर के होटल अंश में आयोजित लायंस क्लब मिड टाउन परिवार रायगढ़ के तीनों विंग के संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह में समाज सेवा, जनसहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। कार्यक्रम में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। समारोह में नगर महापौर जीवर्धन चौहान मुख्य अतिथि और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी शशिमोहन सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

नवगठित कार्यकारिणी में अध्यक्ष शिवशंकर अग्रवाल, सचिव अमित मोदी और कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल सहित अन्य पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। इस दौरान वक्ताओं ने लायंस क्लब की सेवा परंपरा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याणकारी गतिविधियों की सराहना करते हुए नई टीम से सेवा कार्यों को और व्यापक बनाने की अपेक्षा जताई

निवर्तमान अध्यक्ष रामनिवास मोड़ा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सदस्यों के सामूहिक सहयोग से गोल्डन जुबली समारोह, मोतियाबिंद ऑपरेशन अभियान, रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों को भोजन और शिक्षा सामग्री वितरण जैसे अनेक सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी इन गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

समारोह में समाजसेवी और उद्योगपति सुनील रामदास ने रायगढ़ के प्रति अपने भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि भले ही उनका निवास रायपुर में हो, लेकिन उनकी आत्मा आज भी रायगढ़ में बसती है। उन्होंने शहर के नियोजित विकास और समाज सेवा में महिलाओं की अधिक भागीदारी पर जोर दिया तथा शासन और प्रशासन के सामाजिक अभियानों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम का सबसे चर्चित और प्रेरक संबोधन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी शशिमोहन सिंह का रहा। उन्होंने अपने लंबे पुलिस सेवा अनुभव साझा करते हुए कहा कि नशाखोरी, जुआ, किशोर अपराध और असामाजिक गतिविधियों जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक पुलिस के साथ मिलकर अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

शशिमोहन सिंह ने रायगढ़ में जल्द सोशल पुलिसिंग अभियान शुरू करने की घोषणा करते हुए बताया कि प्रत्येक वार्ड में सात सदस्यीय सामाजिक निगरानी दल बनाया जाएगा। साथ ही शिकायत पेटी और पुलिस अधीक्षक का व्हाट्सएप नंबर सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि नागरिक गोपनीय रूप से अपराध और नशे से जुड़ी जानकारी साझा कर सकें। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं का पुनर्वास कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।

उन्होंने जानकारी दी कि 4 जुलाई को बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता से सोशल पुलिसिंग पर एक व्यापक सेमिनार आयोजित किया जाएगा। समारोह के अंत में बड़ी संख्या में नए सदस्यों ने लायंस क्लब की सदस्यता ग्रहण की और समाज सेवा, संगठनात्मक एकता तथा रायगढ़ को सुरक्षित, जागरूक और संवेदनशील बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।