पुलिस के अनुसार थाना सिटी कोतवाली की टीम नियमित पेट्रोलिंग पर निकली हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कलेक्ट्रेट मोड़ स्थित वसुंधरा गार्डन के पास एक युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है और आने-जाने वालों की ओर चाकू लहराकर भय का माहौल बना रहा है।
सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी जेपी गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मड़वा चौक के पास संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक यादव, पिता सुखीराम यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम भदौरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों को भयभीत कर रहा था। उसकी इस हरकत से आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया और किसी अप्रिय घटना को होने से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नितिन चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर तथा आरक्षक तोरन डहरिया और शंकर राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की सराहना की।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने, कानून व्यवस्था भंग करने या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि जिले में शांति, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।