महारानी अस्पताल का स्वास्थ्य मंत्री ने किया औचक निरीक्षण, 300 बिस्तर विस्तार और नई स्वास्थ्य सुविधाओं के दिए निर्देश
रायपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने महारानी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल की क्षमता 200 से बढ़ाकर 300 बिस्तर करने, डायलिसिस सेंटर, कैंसर यूनिट, अटल आरोग्य लैब में 134 जांच सुविधाएं और अन्य अधोसंरचना कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बुधवार को महारानी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, अधोसंरचना और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर, समयबद्ध और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महारानी अस्पताल की ऐतिहासिक पहचान और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाना आवश्यक है।