गोंडवाना समाज ने विद्यार्थियों को बांटी स्टेशनरी, शिक्षा को बताया पहली प्राथमिकता
दुर्ग में गोंडवाना समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी और उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम में शिक्षा को समाज के विकास की पहली प्राथमिकता बताते हुए छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर भी जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l गोंडवाना समाज द्वारा "अच्छी शिक्षा – उच्च शिक्षा" के उद्देश्य को केंद्र में रखते हुए गोंडवाना भवन, सिविल लाइन में प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना, उन्हें प्रोत्साहित करना तथा अध्ययन के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे
कार्यक्रम का शुभारंभ आदि शक्ति बुढ़ा देव की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर प्रेरक संदेश दिए। मुख्य अतिथि स्वप्निल चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र में आगे बढ़ने की असीम क्षमता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और डॉक्टर, इंजीनियर तथा अन्य क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
समाजसेवी राकेश ठाकुर ने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे आदिवासी बहुल राज्य का समग्र विकास केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी और धरातल पर किए जाने वाले सेवा कार्यों से संभव है। उन्होंने सभी समाजजनों से शिक्षा को पहली प्राथमिकता बनाने और बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने की अपील की।
महिला प्रभाग अध्यक्ष ममता आरमो ने बालिका शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। साथ ही उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, समाज में जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें, स्टेशनरी सामग्री और उपहार वितरित किए गए। विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी। समाज के इस प्रयास की अभिभावकों और उपस्थित नागरिकों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित करते हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन राजेश्वरी नेताम ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कुसुम लता ठाकुर ने व्यक्त किया। आयोजन में जी.आर. सोरी, गोरेलाल, महावीर ठाकुर, सागर सिंह मांडवी, चंदू ध्रुव, लखन नेताम सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि समाज शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर ऐसे जनहितकारी प्रयास करता रहेगा।