मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले– मजबूत अधोसंरचना और उद्योग अनुकूल नीतियों से तेजी से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़
रायपुर में आयोजित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नई उद्योग नीति, मजबूत अधोसंरचना और निवेश-अनुकूल माहौल के कारण छत्तीसगढ़ उद्योग एवं व्यापार का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। उन्होंने टेंट एवं इवेंट उद्योग को रोजगार और स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए एक्सपो को नवाचार और व्यावसायिक अवसरों का प्रभावी मंच बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर के लाभांडी स्थित एक निजी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया, विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और देशभर से आए टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन उद्योगों को नई दिशा देने, आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और व्यापारिक अवसरों का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज उद्योग और व्यापार के लिए देश के सबसे अनुकूल राज्यों में तेजी से उभर रहा है। नई उद्योग नीति को देश-विदेश से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा औद्योगिक वातावरण तैयार करना है, जहां उद्योग, व्यापार और उद्यमिता समान रूप से विकसित हों तथा युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलें। मुख्यमंत्री ने एक्सपो को नवाचार, कौशल विकास और व्यावसायिक साझेदारी का प्रभावी मंच बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय उद्यमियों को आधुनिक तकनीकों, नए डिजाइनों और बदलते बाजार की जरूरतों को समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेंट एवं इवेंट उद्योग केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों का अभिन्न हिस्सा है। यह क्षेत्र हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी इस क्षेत्र में सक्रिय होकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और लखपति दीदी अभियान के तहत कई महिलाओं ने टेंट व्यवसाय को अपनी आजीविका का माध्यम बनाया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति व्यापार और लॉजिस्टिक्स के लिए अत्यंत अनुकूल है। राज्य सरकार सड़क, रेलवे और हवाई संपर्क को लगातार मजबूत कर रही है। प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास किया जा रहा है तथा नई रेल परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य हो रहा है, जिससे उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल सहित टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, रंजीत कौर दुआ तथा देशभर से आए उद्योग प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह एक्सपो छत्तीसगढ़ के टेंट एवं इवेंट उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।