बेमेतरा में 108 मीटर चुनरी के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में माता कालिका परिवार द्वारा लगातार तीसरे वर्ष 108 मीटर चुनरी यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। माता कालिका मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए माता भद्रकाली मंदिर पहुंची। यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। विधायक दीपेश साहू और नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। धुमाल की प्रस्तुति, ढोल-नगाड़े और मां काली की आकर्षक झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

Oct 14, 2026 - 16:19
 0  7
बेमेतरा में 108 मीटर चुनरी के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l धर्मनगरी बेमेतरा में माता रानी के प्रति श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। माता कालिका परिवार द्वारा लगातार तीसरे वर्ष भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। 108 मीटर चुनरी के साथ निकली इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माता रानी के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय माहौल से पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर हो गया। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिली।

भव्य चुनरी यात्रा का शुभारंभ माता कालिका मंदिर से हुआ। इसके बाद शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए माता भद्रकाली मंदिर पहुंची। यहां आयोजन समिति और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से माता रानी को चुनरी अर्पित की। साथ ही क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और जनकल्याण की कामना की गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया।

इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, सभापति गौरव साहू, पार्षद सिमरन ताम्रकार, निशा चौबे, महामंत्री संदीप यादव, डॉ. विनय साहू, राकेश वर्मा, भानु राम साहू, योगेश वर्मा, डॉ. नरेश साहू, गोलू कोसले और मीनू पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

विधायक दीपेश साहू ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं और अटूट आस्था के प्रतीक हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि बेमेतरा की पहचान धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से है। माता कालिका परिवार द्वारा लगातार तीसरे वर्ष इतने भव्य स्तर पर चुनरी यात्रा आयोजित करना सराहनीय है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने भी चुनरी यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि माता रानी की भक्ति से जुड़े आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधते हैं और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी।

शोभायात्रा में लिटिल स्टार साईं कृपा धुमाल, नागपुर की प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं कातरोग के अघोरी और मां काली की आकर्षक झांकी ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। धुमाल की गूंज और माता रानी के जयकारों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए।

आयोजन को सफल बनाने में शिवम साहू, युवराज पटेल, सुनील देवांगन, कैलाश सिन्हा, सुमित सिन्हा, कीर्ति साहू, डॉ. रिंकू वर्मा, लव यादव, शुभम सिन्हा, यश रजक, अमृत साहू, धर्मेंद्र साहू, अभिषेक निषाद, मुखेंद्र साहू, भानु साहू, मनीष साहू और आदित्य यादव सहित समिति के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। भव्य चुनरी यात्रा ने बेमेतरा में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समर्पण का संदेश दिया।