विभाजन की पीड़ा से एकजुट भारत के संकल्प तक, विजय शर्मा ने युवाओं से एकता और सामाजिक समरसता मजबूत करने का किया आह्वान

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर में देश के विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए युवाओं से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ किया, जो 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा।

Aug 15, 2026 - 11:29
 0  2
विभाजन की पीड़ा से एकजुट भारत के संकल्प तक, विजय शर्मा ने युवाओं से एकता और सामाजिक समरसता मजबूत करने का किया आह्वान

UNITED NEWS OF ASIA. विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने देश के विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए युवाओं से इतिहास से सीख लेने और भारत की एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल अतीत की त्रासदी को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि एक मजबूत, सुरक्षित और एकजुट भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर भी है।

विजय शर्मा ने कहा कि देश का विभाजन तत्कालीन राजनीतिक परिस्थितियों का परिणाम था, जिसकी कीमत करोड़ों लोगों को विस्थापन, पीड़ा और संघर्ष के रूप में चुकानी पड़ी। नई पीढ़ी को इतिहास की सच्चाइयों को समझना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं और इन्हें मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के सैनिकों ने देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जवानों का साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

साइबर अपराध के खिलाफ जन-जागरण अभियान

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बीजापुर से छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान का शुभारंभ किया। यह प्रदेशव्यापी अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना और डिजिटल सुरक्षा को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक जन-अभियान का स्वरूप देना है।

विजय शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से साइबर जागृति अभियान से जुड़ने, जागरूकता संदेश वाली सेल्फी लेने और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक सेल्फी केवल तस्वीर नहीं, बल्कि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश है। जब बड़ी संख्या में नागरिक इस अभियान से जुड़ेंगे, तो डिजिटल सुरक्षा का संदेश समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा।

एकता, शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़

वन एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस देश की एकता और अखंडता के महत्व को समझने का अवसर देता है। इतिहास की त्रासदियों से सीख लेकर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को और मजबूत करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र माओवाद के अंत की दिशा में निर्णायक दौर से गुजर रहा है। सरकार, सुरक्षा बलों और जनता के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश में शांति और विकास का वातावरण मजबूत हुआ है। बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शांति स्थापित कर विकास की मुख्यधारा को गति देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, डीएफओ सागर जाधव, उपनिदेशक इंद्रावती टाइगर रिजर्व संदीप बलगा, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने प्रदेशवासियों से साइबर जागृति अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर साइबर अपराधों से बचाव को मजबूत किया जा सकता है। 15 अगस्त से शुरू होकर 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलने वाला यह अभियान प्रदेश में साइबर सुरक्षा को लेकर व्यापक जनभागीदारी और जागरूकता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में संचालित किया जाएगा।