उभेगांव में सरपंच के 25 चुनावी वादों पर पंचम अमरोदे ने मांगा हिसाब, ग्राम सभा में रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

छिंदवाड़ा की ग्राम पंचायत उभेगांव में सरपंच के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए करीब 25 वादों को लेकर सवाल उठे हैं। वार्ड क्रमांक-2 के पंचम अमरोदे ने सरपंच से सभी वादों की बिंदुवार प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने और ग्राम सभा में उनकी वास्तविक स्थिति बताने की मांग की है।

Aug 21, 2026 - 19:18
 0  3
उभेगांव में सरपंच के 25 चुनावी वादों पर पंचम अमरोदे ने मांगा हिसाब, ग्राम सभा में रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञराज पटेल, छिंदवाड़ा l ग्राम पंचायत उभेगांव में सरपंच चुनाव के दौरान जारी किए गए घोषणा पत्र को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। सरपंच का कार्यकाल लगभग पांच वर्ष पूरा होने के बाद कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत उभेगांव के वार्ड क्रमांक-2 के पंचम अमरोदे ने सरपंच सुनीता/सुनील डेहरिया को ज्ञापन सौंपकर चुनावी घोषणा पत्र में किए गए करीब 25 प्रमुख वादों की बिंदुवार प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।

पंचम अमरोदे का कहना है कि चुनाव के समय ग्रामीणों के सामने विकास और जनसुविधाओं को लेकर कई बड़े वादे किए गए थे। इनमें पेयजल व्यवस्था, प्रत्येक वार्ड में पानी की टंकी, निःशुल्क नल-जल कनेक्शन, कुओं का निर्माण एवं गहरीकरण, महिलाओं के लिए 25 स्व-सहायता समूह और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे वादे शामिल थे। किसानों के लिए सिंचाई सुविधा, नहर एवं पाइपलाइन, खेत-तालाब, गौशाला और चारागाह निर्माण का भी घोषणा पत्र में उल्लेख किया गया था।

घोषणा पत्र में बेरोजगार युवाओं के लिए पक्की दुकानें और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई थी। इसके अलावा बायोगैस टंकी, वेस्ट हाउस और चौपाल निर्माण जैसे कार्यों का भी वादा किया गया था। शिक्षा और युवाओं से जुड़ी सुविधाओं में मार्शल आर्ट, कराटे, जिम, योग, कोचिंग और कंप्यूटर सेंटर शुरू करने की बात कही गई थी।

वहीं ग्रामीणों के लिए खेल मैदान विकसित करने के साथ क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और कबड्डी जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। इसके अलावा वाटर पार्क, चिल्ड्रन पार्क, ओपन जिम, फिटनेस पट्टी, पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थल विकसित करने जैसे वादे भी घोषणा पत्र में शामिल थे।

पंचम अमरोदे ने सवाल उठाया कि सरपंच के कार्यकाल के लगभग पांच वर्ष पूरे होने के बाद ग्रामीण यह जानना चाहते हैं कि घोषणा पत्र में किए गए कितने वादे पूरे हुए और कितने वादे अभी भी कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने पंचायत से सभी 25 बिंदुओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि घोषणा पत्र के प्रत्येक बिंदु की प्रगति रिपोर्ट ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर सार्वजनिक की जाए। साथ ही ग्राम सभा की बैठक में घोषणा पत्र पर विशेष चर्चा कराकर ग्रामीणों को प्रत्येक वादे की स्थिति से अवगत कराया जाए।

पंचम अमरोदे ने कहा कि यदि वादे पूरे हुए हैं तो पंचायत को उनके प्रमाण और कार्यों का पूरा विवरण जनता के सामने रखना चाहिए। वहीं यदि कोई वादा पूरा नहीं हुआ है तो उसके पीछे रहे कारणों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पांच साल का कार्यकाल विकास कार्यों की दिशा और प्रगति देखने के लिए पर्याप्त समय है। जनता ने पांच साल के लिए वोट दिया था, केवल चुनावी वादे सुनने के लिए नहीं। अब घोषणा पत्र के हर वादे का बिंदुवार हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए।

ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छिंदवाड़ा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत छिंदवाड़ा, कलेक्टर छिंदवाड़ा और ग्राम सभा उभेगांव को भी जानकारी एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।