रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने वार्ड 61 में 70 लाख के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 61 में लगभग 70 लाख रुपये की लागत से पांच नए विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। विधायक सुनील सोनी ने भूमिपूजन कर पाइपलाइन विस्तार, सीसी रोड और नाली निर्माण कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जोन क्रमांक 6 के डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61 में लगभग 70 लाख रुपये की लागत से पांच नए विकास कार्य कराए जाएंगे। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने विभिन्न स्थानों पर इन कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी। विकास शुल्क मद से स्वीकृत इन कार्यों में पाइपलाइन विस्तार, सीसी रोड और सीसी नाली निर्माण शामिल हैं। भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय निवासी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक सुनील सोनी ने भाठागांव हनुमान वाटिका में देवांगन निवास के सामने पाइपलाइन विस्तार एवं इंटर कनेक्शन कार्य, आनंद विहार की जानकी शंकर सदन गली में सीसी रोड निर्माण, बंजारी नगर की विभिन्न गलियों में सीसी नाली निर्माण तथा अवधपुरी में मनोरमा दुबे के मकान से दिनेश दुबे के मकान तक सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके अलावा हनुमान वाटिका क्षेत्र में प्रदीप सोम के मकान से रमा देवांगन के मकान तक सीसी रोड निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। इन कार्यों से क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को आवागमन में राहत देने का लक्ष्य रखा गया है।
भूमिपूजन के दौरान विधायक सुनील सोनी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू किया जाए। निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता किए बिना निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि वार्ड क्रमांक 61 में लगभग 70 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य शुरू किए जा रहे हैं, जिनका लाभ स्थानीय नागरिकों को मिलेगा।
सुनील सोनी ने कहा कि उन्होंने वार्डवासियों से दीपावली से पहले विकास कार्य शुरू कराने का जो वादा किया था, उसे पूरा किया है। उन्होंने बताया कि भाठागांव से दतरेंगा मोड़ तक मार्ग निर्माण का कार्य भी दीपावली से पहले पूरा कराया गया है। उनके अनुसार, इस मार्ग पर लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
विधायक ने वार्ड पार्षद रवि सोनकर की सक्रियता और वार्ड विकास के प्रति जागरूकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच समन्वय जरूरी है। वार्ड पार्षद रवि सोनकर ने वार्डवासियों की ओर से विकास कार्यों की स्वीकृति और भूमिपूजन के लिए विधायक सुनील सोनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगर निगम जोन क्रमांक 6 के अंतर्गत वार्ड 61 में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में जोन अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद रमेश सपहा, मंडल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, जोन 6 के कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता अंकुर अग्रवाल और पुकेश कुमार साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। विधायक ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।