तिल्दा नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सूने मकान में चोरी करने वाले 02 शातिर आरोपी गिरफ्तार
थाना तिल्दा नेवरा पुलिस एवं एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA.हसिब अख्तर, रायपुर | तिल्दा नेवरा। थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी आशीष कुमार ध्रुव, निवासी ग्राम कोहका, थाना तिल्दा नेवरा ने दिनांक 09 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह दोपहर के समय अपने घर में ताला लगाकर पत्नी के साथ च्वाईस सेंटर गया हुआ था। वापस लौटने पर उसने देखा कि घर के कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे सोने एवं चांदी के जेवरात गायब थे। अज्ञात चोर बाउंड्रीवाल कूदकर अंदर घुसे और कुंडी खोलकर अलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात चोरी कर ले गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 14/26, धारा 331(2), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया। मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।
पुलिस टीम को मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर संदेही शेखर टण्डन एवं सूरज जांगडे उर्फ भला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सोने एवं चांदी के जेवरात तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने जिला बलौदा बाजार एवं जिला बेमेतरा में भी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है, जिनके संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी शेखर टण्डन पूर्व में चोरी एवं नकबजनी के पांच प्रकरणों में जेल जा चुका है, वहीं आरोपी सूरज जांगडे उर्फ भला भी नकबजनी और मारपीट के मामलों में पूर्व में जेल निरुद्ध रह चुका है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।