तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में 15 वर्षीय किशोर की मौत, चालक फरार
जांजगीर-चांपा के भोजपुर मेन रोड पर 15 वर्षीय आशीष चौहान की हाइवा की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सीसीटीवी में कैद हुई। हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की।
UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें 15 वर्षीय किशोर आशीष चौहान की मौत हो गई। यह घटना शाम करीब 6 बजे चांपा के भोजपुर मेन रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। हादसा इतना भीषण था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को बीडीएम अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है।
पूरी घटना पास के पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार नाबालिग आशीष चौहान अपनी बाइक तेज रफ्तार में चला रहा था। सड़क किनारे पहुंचते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पहिया फिसल गया। जैसे ही आशीष सड़क पर गिरा, उसी दिशा से आ रहा तेज रफ्तार हाइवा ट्रक (क्रमांक CG11 BD 2763) उसे रौंदते हुए गुजर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशीष की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को सड़क से हटाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा की रफ्तार बहुत तेज थी और चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश भी नहीं की। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को शांत कराया और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि भोजपुर मेन रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से दुर्घटनाएँ लगातार हो रही हैं, लेकिन स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक मॉनिटरिंग की कमी के कारण हादसे थम नहीं रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर बैरिकेडिंग, स्पीड कंट्रोल और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है।
किशोर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में सड़क दुर्घटना रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।