सपोस रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने खिलाड़ियों को दिया खेल भावना का संदेश
बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सपोस में आयोजित रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह, सांसद रूपकुमारी चौधरी और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल शामिल हुए। खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान का संदेश दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l बसना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सपोस (गबौद) में आयोजित भव्य रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग समापन समारोह उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। इस खेल महोत्सव के समापन अवसर पर क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और हजारों खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल विशेष रूप से शामिल हुए।
समापन समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और राष्ट्रगान के साथ हुई। फाइनल मुकाबले को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिला। दूधिया रोशनी से जगमगाते मैदान में देर रात तक खेल प्रेमियों की भीड़ बनी रही और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।
मैच शुरू होने से पहले कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। दोनों नेताओं ने मैदान में जाकर खिलाड़ियों से हाथ मिलाया और खेल को पूरी ईमानदारी एवं खेल भावना के साथ खेलने की अपील की। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच और प्रोत्साहन की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान उस समय रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया जब खेल प्रेमियों के आग्रह पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह खुद बल्लेबाजी करने मैदान में उतर गए। मंत्री ने बल्ला संभालते ही शानदार शॉट लगाए, जिसे देखकर मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट का रोमांच हर उम्र के व्यक्ति को ऊर्जा से भर देता है और खेल जीवन में सकारात्मकता लाता है।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने युवाओं को अनुशासन, आपसी सम्मान और खेल भावना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत मिलने पर विनम्र रहें और हार से सीख लेकर आगे बढ़ें। मैदान की प्रतिस्पर्धा को कभी व्यक्तिगत रंजिश में नहीं बदलना चाहिए।
विधायक ने आगे कहा कि बसना विधानसभा का हर गांव खेल और संस्कृति के मामले में समृद्ध है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
कार्यक्रम में महासमुंद जिला भाजपा अध्यक्ष एतराम साहू, जनपद अध्यक्ष पिथौरा ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, ब्रह्मानंद पटेल, मोहित पटेल, तरुण व्यवहार, सतपाल सिंह छाबड़ा, कैलाश अग्रवाल, हरप्रसाद पटेल, सोनू छाबड़ा, दिनेश अग्रवाल, हलधर साहू, विजय चौधरी, किशोर बघेल, हेमंत ठाकुर, विजय पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी देर रात तक मैदान में मौजूद रहे। आयोजन ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और उत्साह का भी संदेश दिया।