तिल्दा नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक चालकों से लूट और कैंटीन में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर ग्रामीण के तिल्दा नेवरा थाना पुलिस ने ट्रक चालकों से मारपीट और लूटपाट तथा संभव स्टील कंपनी की कैंटीन में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया डीजल, नगदी और घटना में प्रयुक्त कार व मोटरसाइकिल जब्त की है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर ग्रामीण जिले के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में ट्रक चालकों से मारपीट और लूटपाट करने तथा संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड की कैंटीन में तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया और उनके कब्जे से लूट का सामान तथा घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 22 मई 2026 की रात ग्राम सरोरा रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास हुई थी। आरोपियों ने ट्रक क्रमांक CG 04 PG 9775 और CG 04 PG 0380 को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद ट्रक चालकों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने ट्रकों के शीशे तोड़ दिए और ट्रक में रखा लगभग 30 लीटर डीजल तथा चालक के पास मौजूद 25 हजार 500 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।
इसी रात दूसरी घटना संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड सरोरा कंपनी परिसर में हुई। पुलिस के अनुसार एक काले रंग की कार और मोटरसाइकिल में सवार छह लोग अवैध रूप से कंपनी परिसर में घुस गए। आरोपियों ने लेबर कॉलोनी और कैंटीन कर्मचारियों के साथ लोहे की रॉड से मारपीट की और कैंटीन काउंटर में तोड़फोड़ की। आरोप है कि मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा ने कैंटीन संचालन के एवज में अवैध मासिक रकम और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।
घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर स्वेता सिन्हा श्रीवास्तव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया 30 लीटर डीजल और 12 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक कार जिसकी कीमत लगभग छह लाख रुपये और एक पल्सर मोटरसाइकिल जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है, उसे भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्की उर्फ जयमोहन शर्मा, दीना उर्फ दिनेश माधवानी, विशाल छबलानी, नोहर सिंह रजक उर्फ बूट्टी, दीपक साहू और मोहित उर्फ मोंटी मेहानी शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को 24 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध वसूली और आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।