बालको ने ‘वरदान’ अपार्टमेंट का किया शुभारंभ, युवा कर्मचारियों को मिली नए आवास की सौगात

बालकोनगर में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने कर्मचारी कल्याण और टाउनशिप विकास की दिशा में ‘वरदान’ अपार्टमेंट का शुभारंभ किया। जी+9 संरचना वाले इस आवासीय परिसर में युवा कर्मचारियों के लिए 172 सुसज्जित वन बीएचके स्टूडियो अपार्टमेंट तैयार किए गए हैं। परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ 50 किलोवाट सौर ऊर्जा, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, वर्षा जल संचयन और हरित क्षेत्र जैसी व्यवस्थाएं भी विकसित की गई हैं।

Sep 6, 2026 - 17:01
 0  2
बालको ने ‘वरदान’ अपार्टमेंट का किया शुभारंभ, युवा कर्मचारियों को मिली नए आवास की सौगात

UNITED NEWS OF ASIA. राहुल गुप्ता, कोरबा l बालकोनगर, 5 सितंबर 2026। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने कर्मचारी कल्याण और टाउनशिप विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘वरदान’ अपार्टमेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में युवा कर्मचारियों को उनके नए आवास की चाबियां सौंपी गईं। आधुनिक सुविधाओं से तैयार यह आवासीय परिसर युवा कर्मचारियों की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।

‘वरदान’ अपार्टमेंट का नाम शुभता और समृद्धि की भावना को दर्शाता है। इसी उद्देश्य के अनुरूप परिसर को आधुनिक जीवनशैली, सुविधा और सुरक्षित आवासीय वातावरण को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। जी+9 संरचना वाले इस परिसर में कुल 172 सुसज्जित आवास हैं। प्रत्येक आवास को वन बीएचके स्टूडियो अपार्टमेंट की अवधारणा के आधार पर विकसित किया गया है, जिससे युवा कर्मचारियों को उनकी जरूरत के अनुसार सुविधाजनक और व्यवस्थित रहने की जगह मिल सके।

इस अवसर पर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि बालको की प्रगति में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनका कल्याण कंपनी की विकास यात्रा का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बालको का प्रयास ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां कर्मचारी कार्यस्थल के साथ-साथ अपने घर और समुदाय में भी बेहतर जीवन जी सकें। ‘वरदान’ अपार्टमेंट इसी सोच का हिस्सा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह परिसर युवा कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के साथ बालकोनगर में जीवनशैली और आवासीय वातावरण को बेहतर बनाने में योगदान देगा।

परिसर के प्रत्येक आवास में मॉड्यूलर किचन, टेलीविजन, फर्निश्ड अलमारी, सोफा-कम-बेड, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा परिसर में तीन लिफ्ट, आधुनिक कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण व्यवस्था, सुरक्षित वातावरण और लगभग 35 हजार वर्गफुट का हरित एवं मनोरंजन क्षेत्र विकसित किया गया है। कैफेटेरिया-कम-डाइनिंग स्पेस और बैंक्वेट हॉल जैसी सुविधाएं भी परिसर का हिस्सा हैं, जिससे कर्मचारियों को सामूहिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।

‘वरदान’ अपार्टमेंट के निर्माण में पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी प्राथमिकता दी गई है। परिसर में 50 किलोवाट सौर ऊर्जा उत्पादन की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन 80 किलोलीटर क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है। परिसर में तीन वर्षा जल संचयन संरचनाएं भी बनाई गई हैं, जिससे वर्षा के पानी के संरक्षण और उसके बेहतर उपयोग में सहायता मिलेगी।

बालको का यह नया आवासीय परिसर केवल कर्मचारियों के रहने के लिए बनाए गए भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे कर्मचारी-केंद्रित सुविधाओं और बेहतर जीवनशैली की सोच के साथ विकसित किया गया है। आधुनिक आवास, हरित क्षेत्र, मनोरंजन सुविधाएं और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाएं कर्मचारियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद करेंगी। ‘वरदान’ अपार्टमेंट की यह पहल बालको की कर्मचारी कल्याण, सतत विकास और बालकोनगर में जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।