UNITED NEWS OF ASIA. रिजेंट गिरी, सुकमा l नशे के खिलाफ सुकमा पुलिस का ऑपरेशन आगाज लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की तस्करी के मामले में एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 720 नग नशीली कैप्सूल और 108 नग प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार सुकमा पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां लेकर सुकमा शहर में सप्लाई करने पहुंच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने निरीक्षक रोशन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान कुम्हारपारा के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेंद्र बिस्वास, उम्र 36 वर्ष, निवासी पदमगिरी बताया। पुलिस जांच में उसके वर्तमान में ओडिशा के मलकानगिरी में रहकर नशीले सामान की सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से Pyeevon Spas Plus के 720 नग कैप्सूल और OnyRex-Plus के 108 नग कफ सिरप बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक आरोपी बरामद दवाइयों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधित दवाइयों को जब्त करते हुए घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन को भी अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना सुकमा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में पुलिस अब प्रतिबंधित दवाइयों की सप्लाई के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
सुकमा पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन आगाज के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि अभियान के तहत अब तक 24 अंतर्राज्यीय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और करीब 3 करोड़ 31 लाख 77 हजार 650 रुपये कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मौजूदा मामले की एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है, ताकि नशे की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के अनुसार पुलिस की प्राथमिकता नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को तोड़ना और इसके पीछे सक्रिय लोगों तक पहुंचना है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाई गई थीं और सुकमा में इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा चुका है और मामले में आगे की जांच जारी है।