शिवपुर-चरचा में रेलवे अंडरब्रिज के आगे पुलिया धंसी, 30 से 45 दिनों में पुनर्निर्माण की तैयारी

कोरिया जिले के शिवपुर-चरचा क्षेत्र में रेलवे अंडरब्रिज एबी-40 के पास सड़क के नीचे लगी ह्यूम पाइप क्षतिग्रस्त होने से पुलिया धंस गई है। सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर आवागमन रोककर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देश पर एसडीएम ने मौके का निरीक्षण किया। रेलवे प्रशासन के अनुसार पुलिया के पुनर्निर्माण और सड़क बहाली में करीब 30 से 45 दिन लग सकते हैं। लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

Sep 20, 2026 - 08:09
 0  2
शिवपुर-चरचा में रेलवे अंडरब्रिज के आगे पुलिया धंसी, 30 से 45 दिनों में पुनर्निर्माण की तैयारी

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l कोरिया जिले के शिवपुर-चरचा क्षेत्र में रेलवे अंडरब्रिज एबी-40 के किलोमीटर 967/1-2 के पास सड़क के नीचे लगी ह्यूम पाइप क्षतिग्रस्त होकर धंस गई है। इसके कारण सड़क का एक हिस्सा प्रभावित हुआ है और इस मार्ग पर आवागमन फिलहाल सुरक्षित नहीं माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने तत्काल बैकुण्ठपुर एसडीएम को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए।

निर्देश के बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से चर्चा करते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया तथा सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षतिग्रस्त हिस्से से आवागमन रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को क्षतिग्रस्त हिस्से से दूरी बनाए रखने और सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की जा रही है।

नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा ने रेलवे प्रशासन को पत्र भेजकर क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर नई पुलिया का निर्माण जल्द कराने का अनुरोध किया है। रेलवे प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार पुलिया के पुनर्निर्माण और सड़क की बहाली में लगभग 30 से 45 दिनों का समय लग सकता है। इस अवधि में मार्ग की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मार्ग मुख्य रूप से एसईसीएल चरचा साइडिंग और कॉलोनी क्षेत्र के स्थानीय आवागमन के लिए उपयोग किया जाता है। पिछले करीब सात से आठ महीनों से चरचा क्षेत्र से कोयला परिवहन के लिए सड़क मार्ग पर भारी लोडेड ट्रकों की आवाजाही भी बढ़ी है। वर्तमान मानसून के दौरान लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के साथ सड़क के नीचे की मिट्टी में पानी के प्रवेश और जलभराव के कारण ह्यूम पाइप तथा सड़क की संरचना पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की बात सामने आई है। हालांकि क्षति के वास्तविक कारण का विस्तृत निर्धारण रेलवे और संबंधित विभागों के संयुक्त निरीक्षण के बाद किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार पुलिया के पुनर्निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त ह्यूम पाइप को हटाकर उचित क्षमता की नई ह्यूम पाइप लगाई जाएगी। इसके साथ बेहतर बेडिंग और साइड सपोर्ट, आवश्यक सुरक्षा कार्य, उचित बैकफिलिंग तथा सड़क की पुनर्संरचना की जाएगी। इन कार्यों के पूरा होने के बाद ही मार्ग को दोबारा सामान्य आवागमन के लिए सुरक्षित रूप से खोले जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण नगरवासियों, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्कूल वाहनों, एंबुलेंस, भारी वाहनों और अन्य नागरिकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है। रेलवे के अनुसार किलोमीटर 966/14-15 स्थित ब्रिज क्रमांक 134 और किलोमीटर 971/1-2 स्थित ब्रिज क्रमांक 139 के माध्यम से वैकल्पिक कनेक्टिविटी उपलब्ध है। इन मार्गों का उपयोग मई-जून 2025 में एबी-40 रेलवे अंडरब्रिज के विस्तार कार्य के दौरान भी किया गया था।

प्रशासन रेलवे, एसईसीएल, नगर पालिका, यातायात और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है। नगर पालिका परिषद शिवपुर-चरचा के उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलिया का पुनर्निर्माण जल्द कराने का अनुरोध भी किया है।