सेंदुरखार में विकास कार्यों की सौगात, विधायक भावना बोहरा ने 1.57 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र सेंदुरखार में विधायक भावना बोहरा ने 1 करोड़ 57 लाख 15 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास और अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के तहत सीसी रोड, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच और पांच नए तालाब निर्माण कार्यों की सौगात ग्रामीणों को मिली। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार वनांचल क्षेत्रों के समग्र विकास और ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

May 26, 2026 - 12:07
 0  2
सेंदुरखार में विकास कार्यों की सौगात, विधायक भावना बोहरा ने 1.57 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम सेंदुरखार में 1 करोड़ 57 लाख 15 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों को सीसी रोड, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच और नए तालाब निर्माण कार्यों की सौगात मिली, जिससे ग्रामीण जीवन को नई सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

विधायक भावना बोहरा ने मध्यक्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत ग्राम अंजवाईनबाह, मराडबरा, बोहिल, सारपानी, धुरसी, पुटपुटा, बिरैनबाह, बिरहुलडीह और रोखनी में सीसी रोड निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही ग्राम नेऊर में सीसी रोड निर्माण और सांस्कृतिक मंच निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं ग्राम कुशियारी और सेंदुरखार में सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा मनरेगा योजना के तहत ग्राम पिपरहा, छिंदीडीह, कड़मा, भेलकी और नेऊर में नए तालाब निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विधायक ने कहा कि इन तालाबों के निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार वनांचल क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, आवास और सामुदायिक अधोसंरचना के विस्तार से लोगों का जीवन आसान हो रहा है। सड़क निर्माण से आवागमन बेहतर होगा, जबकि सामुदायिक भवन और सांस्कृतिक मंच सामाजिक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले वनांचल क्षेत्र विकास से कोसों दूर थे, लेकिन अब भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

भावना बोहरा ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत क्षेत्र में 171 किलोमीटर से अधिक पक्की सड़कों, चार उच्चस्तरीय पुलों और दस पुलियों के निर्माण को मंजूरी मिली है। इसके साथ ही 3500 नए प्रधानमंत्री आवास, महीडबरा जलाशय योजना, पुटपुटा और कौआनार व्यपवर्तन योजना सहित कई जल संसाधन परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। कुई-कुकदुर महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए आगामी सत्र से निःशुल्क बस सेवा शुरू की जाएगी, ताकि बेटियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके। इसके अलावा निःशुल्क एंबुलेंस और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब सेवा का संचालन भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।