संकल्प बजट 2026-27 छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा – नारायण चंदेल

कोरबा में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने छत्तीसगढ़ सरकार के तीसरे बजट की थीम “संकल्प” को प्रदेश के समग्र विकास का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़ विजन के अनुरूप तैयार किया गया है।

Mar 2, 2026 - 12:27
 0  7
संकल्प बजट 2026-27 छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा – नारायण चंदेल

UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा | आशीर्वाद प्वाइंट, टी.पी. नगर में आज आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट 2026-27 को लेकर विस्तार से जानकारी दी। यह पत्रकार वार्ता कोरबा में सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसमें भाजपा संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जिले के पत्रकार उपस्थित रहे।

पत्रकार वार्ता में संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, जिला पदाधिकारी संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, लक्की नंदा, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, शैलेंद्र यादव, नीरज ठाकुर सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नारायण चंदेल ने राज्य सरकार के तीसरे बजट की थीम “संकल्प” को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत यह बजट समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कृषि, शिक्षा और रोजगार सृजन पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़” के विजन के अनुरूप तैयार किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह बजट प्रदेश को विकास की नई दिशा देगा और आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक सशक्तिकरण का भी आधार बनेगा।

चंदेल ने बताया कि इस बजट में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल शिक्षा के लिए कुल बजट का 13.5 प्रतिशत प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था का प्रावधान भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 23 नए औद्योगिक पार्कों के निर्माण हेतु 250 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। वहीं मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के अंतर्गत 200 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित किया गया है, जिससे नगरीय क्षेत्रों के समग्र विकास को बढ़ावा मिलेगा।

कृषि क्षेत्र को लेकर चंदेल ने कहा कि बजट में किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। कृषि क्षेत्र के लिए कुल 13,500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। भूमि विकास बैंक योजना हेतु 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी की अंतर राशि आगे भी किसानों को एकमुश्त दी जाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का यह तीसरा बजट है। राज्य सरकार का पहला बजट “ज्ञान” और दूसरा बजट “गति” की थीम पर आधारित था, जबकि इस बार की थीम “संकल्प” रखी गई है। इस संकल्प के माध्यम से समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, आजीविका और नीति से परिणाम तक जैसे विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।

नारायण चंदेल ने अंत में कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से मजबूत और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का ठोस रोडमैप है। उन्होंने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को इस बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।