मनगट्टा रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत, साथियों के फरार होने से गहराया रहस्य
राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विसलीइंग वुड रिसॉर्ट में भिलाई की 24 वर्षीय युवती मुस्कान तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ आए कुछ साथी कथित रूप से मौके से चले गए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
UNITED NEWS OF ASIA. राजनांदगांव l जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगट्टा स्थित विसलीइंग वुड रिसॉर्ट में भिलाई की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान भिलाई-3 निवासी 24 वर्षीय मुस्कान तिवारी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मुस्कान तिवारी भिलाई-3 स्थित एक मल्टीप्लेक्स में मैनेजर के रूप में कार्यरत थी और मॉडलिंग में भी रुचि रखती थी। जानकारी के मुताबिक वह अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी के लिए रायपुर गई थी। इसके बाद सभी लोग वापस लौटते समय राजनांदगांव जिले के मनगट्टा स्थित विसलीइंग वुड रिसॉर्ट पहुंचे थे।
सूत्रों के अनुसार रिसॉर्ट में सभी लोग भोजन कर रहे थे, लेकिन कुछ समय बाद मुस्कान वहां दिखाई नहीं दी। दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह बाथरूम में अचेत अवस्था में मिली। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती देर रात बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली थी। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह बताया जा रहा है कि युवती के साथ रिसॉर्ट पहुंचे कुछ साथी सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। इस घटनाक्रम ने जांच एजेंसियों के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय वहां मौजूद लोग कौन थे और युवती की मौत से पहले क्या परिस्थितियां बनी थीं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। रिसॉर्ट के कर्मचारियों सहित घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही युवती के साथ मौजूद रहे लोगों का पता लगाने और उनसे पूछताछ करने के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।