पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, रायपुर पुलिस ने चाकूबाजी के 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में चार युवकों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से तीन चाकू और एक कार जब्त की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल चार आरोपियों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से तीन चाकू और एक चारपहिया वाहन जब्त किया गया है।
घटना 26 अक्टूबर 2025 की शाम लगभग 5 बजे की है, जब श्याम नगर स्थित कपूर होटल के पास मजदूर गोपाल निर्मलकर पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने प्रार्थी पर चाकू से वार कर गंभीर चोट पहुंचाई और मौके से फरार हो गए। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
थाना तेलीबांधा में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 667/25 धारा 109, 3(5) बी.एन.एस. एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम को तत्काल आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में —
-
जय नेताम (20 वर्ष), निवासी महावीर नगर
-
वैभव यादव उर्फ वंशु (21 वर्ष), निवासी श्याम नगर
-
ओमप्रकाश नेताम (20 वर्ष), निवासी महावीर नगर
-
राहुल यादव (20 वर्ष), निवासी क्रिश्चियन कॉलोनी श्याम नगर
-
एक विधि के साथ संघर्षरत बालक शामिल है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला करने की बात स्वीकार की।
पुलिस टीम में निरीक्षक नरेन्द्र मिश्रा, एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी परेश कुमार पाण्डेय, सउनि अतुलेश राय सहित कई जवानों की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में त्वरित और समन्वित प्रयास के कारण ही आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया जा सका। पुलिस ने मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी विवादों को हिंसा में न बदलें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।