चोरी की 6 मोटरसाइकिल के साथ शातिर वाहन चोर गोलू देवार गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने चोरी के 6 मोटरसाइकिल वाहन बरामद करते हुए शातिर वाहन चोर गोलू देवार को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना और क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत के चोरी के वाहन बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

Aug 19, 2026 - 17:13
 0  6
चोरी की 6 मोटरसाइकिल के साथ शातिर वाहन चोर गोलू देवार गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए शातिर वाहन चोर गोलू देवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई थाना सिविल लाइन पुलिस और क्राइम टीम द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने मध्य क्षेत्र के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके तहत थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, मुखबिर तंत्र सक्रिय करने और चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में 14 अगस्त और 17 अगस्त 2026 को राजकुमार खटवानी तथा मनीष खंदार ने थाना सिविल लाइन में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी-अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी। बाद में वापस आने पर वाहन वहां नहीं मिले। अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन चोरी किए जाने की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 425/2026 एवं 432/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनाओं की जांच शुरू की। टीम ने प्रार्थियों और आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। अज्ञात आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम को घटना में शामिल आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोलू देवार को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने रायपुर शहर के अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने राजेंद्र नगर, कटोरा तालाब, कुकुरबेड़ा, आमानाका, देवेंद्र नगर और खजाना चौक स्थित मल्टीलेवल पार्किंग सहित विभिन्न स्थानों से कुल 6 मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी 6 वाहनों को बरामद कर लिया।

बरामद वाहनों में स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NL 5822, एक्टिवा CG 04 KE 7555, एक्टिवा CG 04 LG 4582, डीलक्स मोटरसाइकिल CG 04 MR 0204, एक्टिवा CG 04 LG 7011 और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल CG 07 BV 3162 शामिल हैं। पुलिस ने सभी वाहनों को जप्त कर लिया है। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू देवार, पिता महेश देवार, उम्र 36 वर्ष, निवासी सुभाष नगर, देवार मोहल्ला, थाना तेलीबांधा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में दर्ज दोनों मामलों में अग्रिम कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के मामलों की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।