कार चढ़ाकर हत्या के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने कोर्ट में किया सरेंडर

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर हत्या करने के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार दबिश और कार्रवाई के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में पुलिस आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Aug 19, 2026 - 17:17
 0  7
कार चढ़ाकर हत्या के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने कोर्ट में किया सरेंडर

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l थाना आमानाका क्षेत्र में कार चढ़ाकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी भरत मंगनानी ने पुलिस की लगातार दबिश और कार्रवाई के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर प्राप्त किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 14 अगस्त 2026 को थाना आमानाका में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि प्रार्थी के भांजे परमजीत रणगण्ही की आरोपी भरत मंगनानी ने कथित तौर पर जानबूझकर कार चढ़ाकर हत्या कर दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 264/2026 दर्ज कर धारा 103 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया और विवेचना शुरू की।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक परमजीत रणगण्ही की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। 14 अगस्त को शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारा के पास शिखा साहू और परमजीत रणगण्ही की मुलाकात हुई। इस दौरान भरत मंगनानी भी मौके पर मौजूद था।

पुलिस के मुताबिक बातचीत के दौरान भरत मंगनानी और परमजीत रणगण्ही के बीच विवाद हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट के अनुसार विवाद के बाद आरोपी ने कथित रूप से परमजीत को जान से मारने की नीयत से तेज गति से कार चलाकर उसके ऊपर कार चढ़ा दी। घटना में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे काफी चोटें आईं।

घटना के बाद भरत मंगनानी सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल परमजीत को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद आमानाका पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसके साथ ही तकनीकी माध्यमों और अन्य उपलब्ध संसाधनों के जरिए आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बीच आरोपी भरत मंगनानी 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचा और न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय से आरोपी को पुलिस रिमांड पर प्राप्त किया गया है। पुलिस अब आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।