कैमेलिया कॉलोनी के रहवासियों ने हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में किया सांकेतिक तालाबंदी प्रदर्शन, लिफ्ट समस्या को लेकर जताया आक्रोश

रायपुर के बोरियाकला स्थित कैमेलिया कॉलोनी A1-A7 के रहवासियों ने लंबे समय से जारी लिफ्ट समस्या और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में सांकेतिक तालाबंदी एवं धरना-प्रदर्शन किया। रहवासियों ने बंद लिफ्टों को तत्काल चालू कराने, संचालित लिफ्टों का तकनीकी निरीक्षण कराने और नियमित मेंटेनेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

Aug 19, 2026 - 17:10
 0  60
कैमेलिया कॉलोनी के रहवासियों ने हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में किया सांकेतिक तालाबंदी प्रदर्शन, लिफ्ट समस्या को लेकर जताया आक्रोश

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बोरियाकला स्थित कैमेलिया A1-A7 के रहवासियों ने कॉलोनी में लंबे समय से बनी लिफ्ट समस्या और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 19 अगस्त, बुधवार को हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में सांकेतिक तालाबंदी एवं धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी शामिल हुए। रहवासियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को सौंपते हुए लिफ्ट समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।

अधिवक्ता एवं भाजपा विधि प्रकोष्ठ रायपुर के कार्यकारिणी सदस्य के.पी. मिश्रा ने अध्यक्ष अच्युतानंद तिवारी के निर्देशानुसार उपाध्यक्ष तरुण स्वामी एवं कोषाध्यक्ष परमानंद के सानिध्य में रहवासियों के साथ आंदोलन का नेतृत्व किया। प्रदर्शन के दौरान कॉलोनीवासियों ने हाउसिंग बोर्ड प्रबंधन के समक्ष लिफ्टों की खराब स्थिति, लगातार सामने आ रही तकनीकी दिक्कतों और इससे उत्पन्न सुरक्षा संबंधी चिंताओं को प्रमुखता से रखा।

रहवासियों के अनुसार कैमेलिया कॉलोनी के A2 से A7 तक के अधिकांश टावरों में वर्तमान में केवल एक-एक लिफ्ट संचालित हो रही है, जबकि दूसरी लिफ्ट लंबे समय से बंद पड़ी हुई है। संचालित लिफ्टों में भी आए दिन तकनीकी खराबियां सामने आने का आरोप रहवासियों ने लगाया है। उनका कहना है कि कई अवसरों पर लोग लिफ्ट में फंसने जैसी परिस्थितियों का सामना कर चुके हैं, जिससे कॉलोनीवासियों में लगातार चिंता बनी हुई है।

रहवासियों ने कहा कि लिफ्ट की समस्या को केवल सुविधा से जोड़कर नहीं देखा जा सकता, बल्कि यह सीधे तौर पर जनसुरक्षा से जुड़ा विषय है। कॉलोनी में रहने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों और गंभीर रूप से बीमार लोगों को लिफ्ट खराब होने की स्थिति में विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई मंजिलों वाली इमारतों में लिफ्ट की सुविधा बाधित होने से दैनिक आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लिफ्टों की समस्या के संबंध में हाउसिंग बोर्ड प्रबंधन को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अपेक्षित स्तर पर समाधान नहीं होने से रहवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने मांग की कि बंद पड़ी लिफ्टों को जल्द से जल्द चालू कराया जाए और सभी संचालित लिफ्टों का विशेषज्ञों से तकनीकी निरीक्षण कराया जाए।

रहवासियों ने लिफ्टों के नियमित मेंटेनेंस के लिए ठोस व्यवस्था बनाने, समय-समय पर सुरक्षा जांच कराने और खराबी आने पर तत्काल सुधार कार्य सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लिफ्टों की स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया और भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि होती है, तो संबंधित विभाग एवं अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए।

रहवासियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें कॉलोनीवासियों की सुरक्षा और सुचारु आवागमन से जुड़ी हैं। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा जताई। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जा सकता है।