जलभराव रोकने निगम की बड़ी कार्रवाई, वीरांगना अवंति बाई चौक की नाली से हटाया अतिक्रमण
रायपुर नगर निगम के जोन 3 ने वीरांगना अवंति बाई लोधी चौक के पास बड़ी नाली से अतिक्रमण हटाकर सफाई अभियान चलाया। पांच अवैध पाट तोड़े गए, फल ठेले हटाए गए और पोकलेन मशीन से लगभग एक डंपर कचरा निकालकर जल निकासी सुचारु की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से रायपुर नगर निगम ने जोन 3 क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और नालियों की सफाई का विशेष अभियान चलाया। लोधीपारा पंडरी स्थित वीरांगना अवंति बाई लोधी चौक के समीप बड़ी नाली पर वर्षों से बने अवैध पाटों को हटाकर जल निकासी को सुचारु बनाया गया।
महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन 3 की नगर निवेश और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता नरेश कुमार साहू, उप अभियंता पूनम साहू तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी की मौजूदगी में अभियान संचालित किया गया।
कार्रवाई के दौरान बड़ी नाली पर बनाए गए लगभग पांच अवैध पाटों को तोड़ा गया। साथ ही नाली के ऊपर कब्जा कर व्यवसाय कर रहे करीब पांच से छह फल ठेलों को हटाकर नाली को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसके बाद छोटी पोकलेन मशीन की सहायता से नाली की व्यापक सफाई की गई, जिसमें लगभग एक डंपर कचरा निकाला गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार नाली पर बने अवैध निर्माण और अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही थी, जिससे बारिश के दौरान वीरांगना अवंति बाई चौक और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती थी। सफाई और अतिक्रमण हटने के बाद अब वर्षा जल का प्रवाह सुचारु होगा और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।
अभियान के दौरान निगम की टीम ने मोवा ओवरब्रिज के नीचे स्थित होंडा शोरूम और एक अस्पताल प्रबंधन को भी नाली पर बनाए गए पाटों को स्वयं हटाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही नाली क्रॉसिंग क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा जल निकासी के लिए बड़े आकार की नाली क्रॉसिंग बनाने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित संस्थानों द्वारा निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो निगम स्वयं अभियान चलाकर अवैध निर्माण को हटाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि मानसून के दौरान शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए लगातार निरीक्षण, नालियों की सफाई और अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नालियों पर अतिक्रमण न करें और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि बारिश के दौरान शहर में जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।