जशपुर के आगडीह हवाई पट्टी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत, अंतर्राज्यीय जन संस्कृति समागम में होंगी शामिल

देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जशपुर जिले के आगडीह हवाई पट्टी पर पहुंचीं, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। वे झारखंड के मांझाटोली में आयोजित अंतर्राज्यीय जन संस्कृति समागम (कार्तिक जतरा) कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Dec 30, 2025 - 15:52
 0  30
जशपुर के आगडीह हवाई पट्टी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भव्य स्वागत, अंतर्राज्यीय जन संस्कृति समागम में होंगी शामिल

 UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव, जशपुर (छत्तीसगढ़)। देश की महामहिम राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू आज जशपुर जिले के आगडीह हवाई पट्टी पर पहुंचीं। उनके आगमन पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला। राष्ट्रपति जी का आगडीह हवाई पट्टी पर आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल  रमेन डेका, झारखंड के राज्यपाल  संतोष कुमार गंगवार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री  रामविचार नेताम, सरगुजा सांसद  चिंतामणि महाराज, रायगढ़ सांसद  राधेश्याम राठिया, सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक  गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, विधायक  पुरंदर मिश्रा, सरगुजा कमिश्नर  नरेन्द्र दुग्गा, आईजी  दीपक कुमार झा, कलेक्टर  रोहित व्यास एवं एसएसपी  शशि मोहन सिंह सहित प्रशासनिक व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रपति जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जशपुर से सटे झारखंड राज्य के मांझाटोली में आयोजित अंतर्राज्यीय जन संस्कृति समागम समारोह ‘कार्तिक जतरा’ कार्यक्रम में शामिल होंगी। यह कार्यक्रम आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रतीक माना जाता है। इस महत्वपूर्ण आयोजन में राष्ट्रपति के साथ झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं ओड़िशा राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहेंगे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई है।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए आगडीह हवाई पट्टी एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और प्रशासन द्वारा हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।

आगडीह हवाई पट्टी से राष्ट्रपति का काफिला लगभग 21 किलोमीटर सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल मांझाटोली के लिए रवाना होगा। पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है। राष्ट्रपति के इस दौरे से जशपुर सहित पूरे आदिवासी अंचल में उत्साह और गर्व का माहौल है।