महाशिवरात्रि के अवसर पर ग्राम कामठी में पंडरिया विधायक भावना बोहरा संग श्रद्धालु 151 पार्थिव शिवलिंग में एक साथ करेंगे रुद्राभिषेक
विधायक भावना बोहरा द्वारा महाशिवरात्रि के अवसर पर 151 शिवलिंग में सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कराया पंजीयन
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पंडरिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम कामठी में भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर 151 पार्थिव शिवलिंगों पर सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों विवाहित जोड़े एवं श्रद्धालु एक साथ विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे।
यह आयोजन पंडरिया विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में 15 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालु अपने परिवार, क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ इस धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। आयोजन में शामिल होने के लिए विवाहित जोड़ों और श्रद्धालुओं को पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है। पंजीयन की प्रक्रिया विधायक कार्यालय स्थित सेवा सुविधा केंद्र के माध्यम से की जा रही है।
कार्यक्रम में रुद्राभिषेक के बाद पार्थिव शिवलिंगों का विधिवत प्रवाह संस्कार भी किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भंडारा और महाप्रसादी का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध भजन गायक अनुराग शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग अपना पंजीयन करा चुके हैं।
ज्ञात हो कि विधायक भावना बोहरा द्वारा सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रसार के लिए लगातार धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता रहा है। सावन माह में वे प्रतिवर्ष अमरकंटक में कबीरधाम जिले से पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन और विश्राम की व्यवस्था भी कराती हैं। यहां हर वर्ष हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
पिछले वर्ष विधायक भावना बोहरा ने अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर से जल लेकर 151 किलोमीटर की कठिन कांवड़ यात्रा पूरी की थी। उन्होंने यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों में जलाभिषेक करते हुए अंत में भोरमदेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर यात्रा का समापन किया था। इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु भी शामिल हुए थे।
विधायक भावना बोहरा ने बताया कि यह आयोजन भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा और क्षेत्र की समृद्धि की कामना के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 151 पार्थिव शिवलिंगों की स्थापना के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक सामाजिक समरसता और धार्मिक चेतना का अद्भुत संगम बनेगा। यह आयोजन नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होकर इसे सफल और भव्य बनाने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार यह धार्मिक कार्यक्रम क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश देगा।