गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा के क्रीड़ा शिक्षक रामू सिंह ठाकुर का इंडोनेशिया–इंडिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज में चयन
गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा के क्रीड़ा शिक्षक रामू सिंह ठाकुर का चयन इंडोनेशिया–इंडिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज के लिए हुआ है। वे छत्तीसगढ़ से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में भारतीय दल में शामिल हुए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिले की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा ने एक बार फिर जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक रामू सिंह ठाकुर का चयन इंडिया–इंडोनेशिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह उपलब्धि न केवल संस्था बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी हिंदी पीजीटी डॉ. विजय कुमार शाही ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि भारत और इंडोनेशिया में बॉल बैडमिंटन खेल की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। इसी क्रम में आयोजित की जा रही इंडिया–इंडोनेशिया बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से कुल 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इस दल में छत्तीसगढ़ से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में रामू सिंह ठाकुर को स्थान मिला है।
बताया गया कि भारतीय टीम के चयन के लिए ट्रायल प्रतियोगिता 7 से 9 अक्टूबर तक दिल्ली के विकासपुरी मैदान में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से 173 खिलाड़ियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, फिटनेस, कोर्ट कवरेज और मैच रणनीति के आधार पर मूल्यांकन किया गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रामू सिंह ठाकुर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और अंतिम सूची में स्थान बनाया।
यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टेस्ट सीरीज बाली में 13 से 19 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। भारतीय टीम 10 फरवरी को प्रतियोगिता के लिए रवाना हो चुकी है। संस्था प्रबंधन ने इसे गुरुकुल परिवार के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया है।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार राय ने शिक्षक रामू सिंह ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि गुरुकुल में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के बहुमुखी विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि रामू सिंह ठाकुर भारतीय दल को सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जनवरी 2023 में गुरुकुल के ही शिक्षक डॉ. विजय कुमार शाही ने कुआलालंपुर, मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य सम्मेलन में सहभागिता की थी। अब रामू सिंह ठाकुर की इस उपलब्धि से विद्यालय का गौरव और बढ़ गया है।
संस्था के अध्यक्ष, निदेशक मंडल, प्रशासन, शिक्षकगण तथा विद्यार्थियों ने रामू सिंह ठाकुर को इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।