72 घंटे में मवेशी चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

एमसीबी जिले की खड़गवां पुलिस ने 72 घंटे के भीतर मवेशी चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की गई दो भैंस, एक भैंसी और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Aug 4, 2026 - 15:09
 0  2
72 घंटे में मवेशी चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी. एमसीबी l एमसीबी जिले की खड़गवां पुलिस ने मवेशी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, एक भैंसी तथा घटना में इस्तेमाल किया गया पिकअप वाहन भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम मंगोरा निवासी जगदीश सिंह ने थाना खड़गवां में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 अगस्त की रात अज्ञात चोर उनके घर से एक भैंसी और दो भैंस चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशी चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई दो भैंस, एक भैंसी और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन (एमपी 65 जीए 2731) बरामद किया। वाहन क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला। बरामदगी के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग किया गया, जिससे कम समय में आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील तिवारी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।

इस कार्रवाई से मवेशी पालकों और ग्रामीणों में राहत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।