महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 44.4 लीटर अवैध शराब जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सरायपाली, बसना और महासमुंद क्षेत्रों में छापेमारी कर 44.4 लीटर अवैध शराब जब्त की है। चार अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अब तक 22.73 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 8208 लीटर से ज्यादा शराब जब्त की जा चुकी है।

Jun 4, 2026 - 19:33
Jun 4, 2026 - 19:34
 0  17
महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 44.4 लीटर अवैध शराब जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. जगदीश पटेल, महासमुंद l जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में 44.400 लीटर अवैध शराब जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान सरायपाली, बसना और महासमुंद थाना क्षेत्रों में मुखबिर की सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई में महुआ शराब, देशी प्लेन शराब और अंग्रेजी शराब सहित कुल 44.400 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार 120 रुपये बताई गई है।

सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़हापाली पुल के पास पुलिस ने शिवकुमार बारीक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखी गई 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 4 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसी प्रकार बसना थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई रायपुर बाईपास रोड स्थित इमली पेड़ के नीचे की गई, जहां पुष्पा सोनी के कब्जे से 15 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। बरामद शराब की कीमत लगभग 3 हजार रुपये बताई गई है। दूसरी कार्रवाई ग्राम गढ़फुलझर में की गई, जहां केवड़ा मेहर के घर के पीछे बिक्री के लिए रखी गई 4 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। इस मामले में भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं महासमुंद थाना क्षेत्र के बेमचा मैदान में पुलिस ने गणेश यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.4 लीटर देशी प्लेन एवं अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4 हजार 320 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विशेष अभियान शुरू होने के बाद से अब तक जिले में कुल 646 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 730 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान अब तक 8,208.495 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 22 लाख 73 हजार 495 रुपये है।

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब संबंधी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।