बेमेतरा में नवनियुक्त एल्डरमैनों ने ली शपथ, ₹3.23 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
बेमेतरा नगर पालिका परिषद में नवनियुक्त एल्डरमैनों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम में ₹3.23 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 8 ई-रिक्शा आधारित कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l नगर पालिका परिषद बेमेतरा के गांधी भवन में नवनियुक्त एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह, विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण तथा ई-रिक्शा आधारित कचरा संग्रहण वाहनों के शुभारंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय सिन्हा ने की, जबकि रजक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान राकेश मोहन शर्मा, सावित्री रजक, तारण सिंह राजपूत और कमलेश वर्मा ने नगर पालिका परिषद के एल्डरमैन के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम प्रकाश भारद्वाज ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद विधायक दीपेश साहू सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि एल्डरमैन का दायित्व केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी एल्डरमैन अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास करें और नगर के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र में भी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 8 ई-रिक्शा आधारित कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। विधायक ने कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण की इस व्यवस्था से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित वाहनों में ही कचरा देने की अपील की।
इस मौके पर नगर पालिका परिषद द्वारा लगभग ₹3 करोड़ 23 लाख 57 हजार की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया। इन कार्यों में चबूतरा निर्माण, वाचनालय का जीर्णोद्धार, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था का विस्तार, बस स्टैंड के पीछे गार्डन का विकास, एसएलआरएम एवं एमआरएफ प्लांट निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, हाईमास्ट लाइट स्थापना तथा ई-रिक्शा क्रय जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि परिषद नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त एल्डरमैनों के जुड़ने से परिषद और अधिक मजबूत होगी तथा सभी जनप्रतिनिधि मिलकर वार्डों की समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए नगर को आदर्श शहर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में अशोक शर्मा, होरिलाल सिन्हा, युगल देवांगन, पंचू साहू, नीतू कोठारी, गौरव साहू, आकिब मलकानी, राजकुमार खांडे, रवि मुलवानी, रोशन दत्ता, प्रज्ञा निर्वाणी, मीनू पटेल, पिंकी नेमा गुप्ता, संदीप यादव, दोहाई लाल वर्मा, राजेश शर्मा, लच्छन वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।