महासमुंद में गांजा तस्करी के आरोप में 7 गिरफ्तार, 37.300 किलो गांजा और दो कारें जब्त
महासमुंद जिले में ऑपरेशन निश्चय के तहत एएनटीएफ और थाना सांकरा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो कारों से 37.300 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत 7.40 लाख रुपये बताई गई है, जबकि दो कारों और छह मोबाइल समेत कुल 17.10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. शिखा दास, महासमुंद l महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कार्रवाई में सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना सांकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दो कारों से गांजा बरामद किया है। कार्रवाई में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 37.300 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार वाहन चेकिंग और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान थाना सांकरा पुलिस स्टाफ को मुखबिर से सूचना मिली कि एक क्रेटा कार और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में ओडिशा से गांजा लाकर सांकरा के रास्ते रायपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने सांकरा के बल्दीड़ीह चौक स्थित एनएच-53 मार्ग के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।
कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार एक क्रेटा कार और एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार वहां पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर उनमें सवार लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान वाहनों में गांजा होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद नियमानुसार वाहनों की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 37.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजे को जब्त कर दोनों वाहनों को भी कार्रवाई के तहत अपने कब्जे में लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र पटेल उर्फ रितेश, टिके लाल मांझी उर्फ टिक्कू, सुमित शर्मा, देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश, गितेश नायक, नवसागर पटेल उर्फ नूतन और मंसुर खान शामिल हैं। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि आरोपी महासमुंद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, गांजा ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से लाकर स्थानीय इलाकों में खपाने की योजना थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 37.300 किलोग्राम गांजा, एक क्रेटा कार, एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार गांजे की कीमत 7 लाख 40 हजार रुपये, क्रेटा कार की कीमत 6 लाख रुपये, स्विफ्ट कार की कीमत 3 लाख रुपये और छह मोबाइल फोन की कीमत करीब 70 हजार रुपये है। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 17 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 160/26 दर्ज कर नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि एएनटीएफ के निर्देशों के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े स्रोत और गंतव्य तक की जानकारी जुटाने तथा वित्तीय पहलुओं की जांच पर भी कार्रवाई की जा रही है।