नगरी में आकाशीय बिजली का कहर, एक की मौत, तीन गंभीर घायल

धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में फरसियां-बोड़र्रा मुख्य मार्ग पर तेज बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग चपेट में आ गए। हादसे में गिरजा शंकर ध्रुव की मौके पर मौत हो गई, जबकि जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को नगरी के शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायलों का उपचार जारी है।

Sep 24, 2026 - 08:14
 0  3
नगरी में आकाशीय बिजली का कहर, एक की मौत, तीन गंभीर घायल

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। फरसियां-बोड़र्रा मुख्य मार्ग पर तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी और लगातार गरज-चमक की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली सड़क पर मौजूद लोगों के पास आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से गिरजा शंकर ध्रुव गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

वहीं हादसे में जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए सभी प्रभावित लोगों को उपचार के लिए शासकीय सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने गिरजा शंकर ध्रुव की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव का अस्पताल में उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटना ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय स्तर पर लोगों से मौसम खराब होने और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़-पौधों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की जाती है।