शेष भारत U-23 टीम में छत्तीसगढ़ के दो सितारे, वरुण सिंह भुई और मयंक वर्मा का चयन

छत्तीसगढ़ के युवा क्रिकेटर वरुण सिंह भुई और मयंक वर्मा का चयन कर्नल सी.के. नायुडू शेष भारत अंडर-23 टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी कर्नल सी.के. नायुडू ट्रॉफी 2025-26 में शानदार प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। शेष भारत टीम 1 से 4 अक्टूबर तक चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।

Sep 24, 2026 - 08:20
 0  2
शेष भारत U-23 टीम में छत्तीसगढ़ के दो सितारे, वरुण सिंह भुई और मयंक वर्मा का चयन

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश के प्रतिभावान युवा क्रिकेटर वरुण सिंह भुई और मयंक वर्मा का चयन कर्नल सी.के. नायुडू शेष भारत (Rest of India) अंडर-23 टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ियों को कर्नल सी.के. नायुडू ट्रॉफी 2025-26 में किए गए शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है।

शेष भारत अंडर-23 टीम कर्नल सी.के. नायुडू ट्रॉफी 2025-26 की चैंपियन तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। यह मैच 1 से 4 अक्टूबर तक चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस मुकाबले के लिए बीसीसीआई जूनियर क्रिकेट चयन समिति ने दोनों खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है।

बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज वरुण सिंह भुई ने कर्नल सी.के. नायुडू ट्रॉफी के दौरान गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 8 मैचों की 15 पारियों में कुल 41 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 2.79 रहा। वरुण ने तीन बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा भी किया। पूरे भारत में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में वरुण तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज मयंक वर्मा ने भी अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। मयंक ने 6 मैचों की 12 पारियों में कुल 632 रन बनाए। उनके खाते में एक शतक और चार अर्धशतक शामिल रहे। कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मयंक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 164 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।

दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने छत्तीसगढ़ की युवा क्रिकेट प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। वरुण सिंह भुई की प्रभावी स्पिन गेंदबाजी और मयंक वर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर दोनों ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

शेष भारत अंडर-23 टीम में जगह मिलना दोनों खिलाड़ियों के क्रिकेट करियर के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। चेन्नई में तमिलनाडु के खिलाफ होने वाले मुकाबले में उन्हें राष्ट्रीय स्तर के युवा क्रिकेटरों के बीच अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

वरुण सिंह भुई और मयंक वर्मा के चयन से छत्तीसगढ़ क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणा बनी है। कड़ी मेहनत और घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के जरिए छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का सिलसिला जारी है।