कुबेर राठी का जन्मोत्सव सेवा संकल्प के साथ संपन्न, गौ-सेवा और पूजन से की दिन की शुरुआत
रायपुर में प्रख्यात समाजसेवी और श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के संस्थापक कुबेर राठी का जन्मोत्सव धार्मिक आस्था, गौ-सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज और भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक आयोजन में शामिल हुए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l प्रख्यात समाजसेवी एवं श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के संस्थापक कुबेर राठी का जन्मोत्सव राजधानी रायपुर में धार्मिक आस्था, गौ-सेवा और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से देर रात तक उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला जारी रहा। समर्थकों और नागरिकों ने पुष्पमालाओं, पुष्पगुच्छों और आतिशबाजी के बीच उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों की उपस्थिति रही।
कुबेर राठी ने जन्मदिन की शुरुआत रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित प्राचीन संकटमोचन हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन और विशेष अनुष्ठान के साथ की। उन्होंने हनुमान जी के चरणों में नमन कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सामाजिक सद्भाव की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद वे श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने गौ-सेवा की। इस दौरान उन्होंने गायों को हरी सब्जियां, चना, गुड़, चावल और रोटियां खिलाईं। उन्होंने कहा कि गौ-सेवा जीव-दया और समाज के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है।
समिति कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केक काटा गया। उपस्थित लोगों ने कुबेर राठी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और पुष्पमालाएं भेंट कर स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया।
जन्मोत्सव पर मिले स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए कुबेर राठी ने कहा कि जीवन की वास्तविक सार्थकता समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करने और जनकल्याण के कार्यों में योगदान देने में है। उन्होंने परोपकार को जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बताते हुए कहा कि जन्मदिन केवल उम्र बढ़ने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और ईश्वर के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा सेवा के संकल्प को मजबूत करने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि समिति पीड़ित मानवता की सेवा और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए समर्पित रहेगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज ने कुबेर राठी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुबेर राठी सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सक्रिय रहते हैं। उनके अनुसार, विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोगों को जोड़ने तथा समाज सेवा के कार्यों में योगदान देना प्रेरणादायी है।
भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी ने भी कुबेर राठी को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपना मार्गदर्शक और संबल बताया। उन्होंने कहा कि जनसेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा उन्हें अपने बड़े भाई से मिली है।
कार्यक्रम में आंध्रा एसोसिएशन के पूर्व सचिव श्रीनिवास राव, वैश्य समाज के अध्यक्ष नवरत्न माहेश्वरी, समाजसेवी अजय देवांगन, राजेंद्र पांडे, विवेक (मोंटी) जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कुबेर राठी के सेवा कार्यों और सामाजिक योगदान की सराहना की।