थाना कोटा पुलिस की कार्रवाई: अवैध कबाड़ परिवहन करते युवक को रंगेहाथ पकड़ा, 1.5 क्विंटल कबाड़ जब्त
थाना कोटा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 1.5 क्विंटल अवैध कबाड़ जब्त किया। आरोपी भरत वैष्णव को गिरफ्तार कर वाहन व सामग्री पुलिस ने जब्त की। आरोपी पर बीएनएस की धारा 35(3) व 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस ने क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तत्परता दिखाते हुए एक वाहन से 1.5 क्विंटल अवैध कबाड़ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 नवम्बर 2025 को थाना प्रभारी कोटा को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग के छोटा हाथी वाहन (क्रमांक CG 10 C 5074) में अवैध रूप से कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को रवाना किया गया और संभावित मार्ग पर घेराबंदी की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से करीब 1.5 क्विंटल पुराने स्टील बर्तन, कढ़ाई और अन्य कबाड़ सामग्री बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹51,000 बताई गई है। वाहन की कीमत ₹30,000 आंकी गई, इस प्रकार कुल जब्त सामग्री का मूल्य लगभग ₹81,000 है।
वाहन चालक की पहचान भरत वैष्णव (पिता – नर्मदा वैष्णव), उम्र 24 वर्ष, निवासी खुरदुर, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ धारा 35(3) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। जब्त वाहन और कबाड़ सामग्री को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग ने बताया कि क्षेत्र में अवैध व्यापार, परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक शिवकुमार साहू, प्रधान आरक्षक हरप्रसाद डहरिया, आरक्षक ओमकार नेताम और आरक्षक विनोद यादव की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।