खरसिया में हेल्पिंग हैंड्स क्लब और रायगढ़ पुलिस का सड़क व साइबर जागरूकता अभियान, हजारों नागरिकों ने ली शपथ
खरसिया में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन और रायगढ़ पुलिस के संयुक्त आयोजन में सड़क सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अग्रसेन चौक में हजारों नागरिकों ने सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की शपथ ली। आईजी ने हेलमेट पहनकर बाइक रैली में हिस्सा लिया और राहगीरों को हेलमेट वितरित किए। इसके अलावा 134 वर्ष से चल रहे अखण्ड राम सप्ताह में बच्चों की धार्मिक प्रस्तुतियों की भी सराहना की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l खरसिया हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन और रायगढ़ जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में खरसिया में सड़क सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, रायगढ़ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, डीएसपी उत्तम सिंह, एसडीओपी सतीश भार्गव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल हुए। अभियान को लेकर खरसिया नगर में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अग्रसेन चौक स्थित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद राज्यगीत ‘अरपा पैरी के धार’ का गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव को लेकर नागरिकों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में नागरिकों ने सड़क सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता से संबंधित शपथ ली। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की।
रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह ने साइबर जागरूकता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल दौर में नागरिकों का डेटा और व्यक्तिगत जानकारी महत्वपूर्ण है, इसलिए साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने और हेलमेट के इस्तेमाल को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया। उन्होंने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक एवं जागरूकता अभियान की सराहना की।
मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने नागरिकों को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक होना चाहिए। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। उन्होंने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए अंकित अग्रवाल, मनोज गोयल और पूरी टीम को सामाजिक कार्यों के लिए बधाई दी।
इसके बाद आईजी रामगोपाल गर्ग ने नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। अभियान के तहत राहगीरों को हेलमेट वितरित किए गए। जागरूकता का संदेश देने के लिए आईजी स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक रैली में शामिल हुए और बाइक चलाकर नागरिकों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान बारिश की फुहार, फूलों की वर्षा, कर्मा नृत्य और आतिशबाजी के साथ नगरवासियों ने पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया।
इसके बाद आईजी और एसएसपी खरसिया के हनुमान मंदिर गंज बाजार में आयोजित 134 वर्ष पुराने अखण्ड राम सप्ताह कार्यक्रम में पहुंचे। यहां बच्चों ने भजनों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आईजी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर राम नाम की फेरी लगाई और धार्मिक आयोजन में शामिल बच्चों एवं आयोजकों की सराहना की। उन्होंने बच्चों की सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियों को देखकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शिव तांडव की प्रस्तुति देने वाली रूही अग्रवाल की भी उन्होंने सराहना की।
कार्यक्रम में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अंकित अग्रवाल, बंटी सोनी सहित हिमांशु अग्रवाल, राजेश अग्रवाल घंसू, राजेंद्र अग्रवाल नूतन, हनुमान अग्रवाल, विनय कबूलपुरिया, रतन अग्रवाल, बाऊ अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, साहिल सारथी, हर्ष शर्मा, संजय कंकरवाल, महिला विंग अध्यक्ष आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष बबीता गुप्ता सहित क्लब के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।