पंकज शर्मा की स्मृति में रायपुर ने दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा का हुआ अनावरण

रायपुर में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की जयंती पर खो-खो पारा स्थित पंकज उद्यान में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित पत्रकारिता, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने पंकज शर्मा की निर्भीक पत्रकारिता और लेखनी को याद करते हुए उनकी स्मृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया।

Oct 7, 2026 - 15:10
 0  5
पंकज शर्मा की स्मृति में रायपुर ने दी श्रद्धांजलि, प्रतिमा का हुआ अनावरण

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की जयंती के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 6 अक्टूबर को खो-खो पारा स्थित पंकज उद्यान में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। निर्भीक पत्रकारिता, प्रभावशाली लेखनी और संवाद क्षमता के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान को देश-विदेश तक पहुंचाने वाले पंकज शर्मा के योगदान को कार्यक्रम में याद किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ और विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने पंकज शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने की। इस दौरान विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, ज्ञानेश्वर शर्मा सहित पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।

समारोह के दौरान स्वर्गीय पंकज शर्मा के जीवन और पत्रकारिता यात्रा पर आधारित करीब एक घंटे की डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इसमें उनके पत्रकारिता जीवन, देश-विदेश की यात्राओं, लेखन शैली, संवाद क्षमता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को रेखांकित किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं को उपस्थित लोगों के सामने रखा गया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंकज शर्मा ने पत्रकारिता को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और मिशन के रूप में जिया। उन्होंने अपने अल्प जीवनकाल में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी स्मृति में प्रतिमा की स्थापना रायपुर की गौरवशाली पत्रकारिता परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंकज शर्मा रायपुर की उस पत्रकारिता परंपरा के प्रतिनिधि थे, जिसने प्रतिभा और लेखनी के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि पंकज शर्मा के योगदान को याद करना और उनकी स्मृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने भी उनकी पत्रकारिता शैली, लेखन क्षमता और खबरों की समीक्षा में उनकी सटीकता को याद किया।

विधायक अनुज शर्मा ने पंकज शर्मा की स्मृति को स्थायी स्वरूप देने के लिए कई प्रस्ताव रखे। इनमें पंकज उद्यान का नाम विस्तारित कर “पत्रकार पंकज शर्मा उद्यान” करने, खो-खो पारा स्थित स्कूल का नाम पंकज शर्मा के नाम पर रखने तथा युवा पत्रकारों के लिए उनके नाम से राज्य अलंकरण शुरू करने का प्रस्ताव शामिल है। उन्होंने पत्रकारिता विश्वविद्यालय की किसी प्रमुख इमारत का नाम भी पंकज शर्मा के नाम पर रखने का सुझाव दिया।

रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पंकज शर्मा जैसे पत्रकार रायपुर की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का हिस्सा हैं। उनकी स्मृति में प्रतिमा की स्थापना आने वाली पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से परिचित कराने का महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पत्रकारों और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह ने पंकज शर्मा की स्मृतियों को जीवंत करने के साथ रायपुर की पत्रकारिता परंपरा को आगे बढ़ाने के संकल्प को भी मजबूती दी।