जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन
खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह,रायपुर | वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज जिला कलेक्टोरेट खैरागढ़ के सभाकक्ष में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन हो और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुँचे।
बैठक में खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा, डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, वनमंडलाधिकारी पंकज सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रभारी मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा है कि शासन की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ एक नया जिला है, संसाधनों की सीमाएं हो सकती हैं, लेकिन सरकार विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जनहित को सर्वोपरि रखें।
शिक्षा विभाग पर विशेष फोकस
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से संवाद बढ़ाने और सतत मूल्यांकन प्रणाली को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग को शत-प्रतिशत लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने आयुष्मान कार्ड एवं व्यवंदन कार्ड का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासकीय एवं निजी अस्पतालों में बिना किसी बाधा के उपचार सुविधा मिले और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जल जीवन मिशन पर कड़ी निगरानी
जल जीवन मिशन की समीक्षा में उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि केवल कार्य पूर्ण करना ही नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि हर घर तक नियमित रूप से शुद्ध पेयजल पहुँचे।
जिले की नवाचारपूर्ण पहल
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि जिला पहचान सुदृढ़ करने हेतु जिला लोगो, जिला थीम एवं प्रोफेशनल वीडियोग्राफी कराई गई है। कृषि एवं आजीविका संवर्धन के लिए पान विकास, खेक्सी की आधुनिक खेती, नमो ड्रोन दीदी, स्वर्णोपज महिला किसान उत्पादक समूह, युवाओं के लिए प्रज्ञावृत्ति स्टूडियो, पर्यटन विकास हेतु छिंदारी के परिंदे एवं बैतल रानी देवगुड़ी जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।