डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस एवं पीएम आगमन के मद्देनजर कबीरधाम में होटल-लॉज चेकिंग
डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस और प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ आगमन को ध्यान में रखते हुए कबीरधाम पुलिस ने कवर्धा शहर के होटल, लॉज और ढाबाओं में सघन चेकिंग अभियान चलाया। आगंतुकों की पहचान, रजिस्टर विवरण और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
UNITED NEWS OF ASIA. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाली डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस और माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छत्तीसगढ़ प्रवास के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने हेतु कबीरधाम पुलिस ने कवर्धा शहर के होटल, लॉज, ढाबा और अन्य संवेदनशील स्थानों में सघन चेकिंग अभियान संचालित किया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन में अभियान को अंजाम दिया गया। कवर्धा अनुविभाग में एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर एवं कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में प्रमुख होटल और लॉज की बारीकी से जांच की गई, जिसमें बाहरी राज्यों से आए आगंतुकों की पहचान, सत्यापन और रजिस्टर विवरण की जांच की गई। होटल एवं लॉज संचालकों को निर्देशित किया गया
कि प्रत्येक आगंतुक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र और ठहरने का उद्देश्य रजिस्टर में दर्ज करें तथा बिना पहचान पत्र के किसी को ठहराने की अनुमति न दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने का आदेश भी दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा में होटल और लॉज संचालकों की भूमिका महत्वपूर्ण है और किसी भी लापरवाही को गंभीर माना जाएगा। प्रधानमंत्री के आगमन और डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस जैसे उच्चस्तरीय कार्यक्रमों को देखते हुए जिले में उच्च सतर्कता बनाए रखी जाएगी और भविष्य में भी नियमित चेकिंग, सत्यापन और निगरानी अभियान चलाए जाएंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।