कवर्धा मेडिकल कॉलेज को मिली एनएमसी की मान्यता, सांसद संतोष पांडेय के प्रयास सफल

कबीरधाम जिले के प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मान्यता मिल गई है। सांसद संतोष पांडेय ने इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी। मान्यता मिलने से जिले में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

Jul 13, 2026 - 14:47
 0  2
कवर्धा मेडिकल कॉलेज को मिली एनएमसी की मान्यता, सांसद संतोष पांडेय के प्रयास सफल

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित कवर्धा मेडिकल कॉलेज को आखिरकार नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मान्यता मिल गई है। इसके साथ ही जिले में मेडिकल शिक्षा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। सांसद संतोष पांडेय ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे न केवल मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।

जानकारी के अनुसार, सांसद संतोष पांडेय ने 16 जून 2026 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मेडिकल कॉलेज को मान्यता दिलाने के लिए हस्तक्षेप का अनुरोध किया था। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि केंद्र सरकार पहले ही कबीरधाम जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे चुकी है और राज्य सरकार भवन निर्माण के लिए राशि भी स्वीकृत कर चुकी है। नए भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जबकि वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए वैकल्पिक भवन में कॉलेज संचालित करने की तैयारी की गई थी

सांसद ने पत्र में यह भी बताया था कि फिलहाल मेडिकल कॉलेज का संचालन जिला अस्पताल के समीप स्थित आयुष भवन से किया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर उद्योग भवन का भी उपयोग किया जा सकता है। छात्र-छात्राओं के आवास के लिए पुराने तहसील कार्यालय को चिन्हित किया गया है। वहीं, जिला अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और मरीजों के परिजनों के लिए विश्राम की व्यवस्था भी उपलब्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि आगामी वर्षों में सभी स्थायी अधोसंरचनात्मक आवश्यकताओं को पूरा कर लिया जाएगा।

सांसद के अनुरोध के बाद नेशनल मेडिकल कमीशन ने मामले पर पुनर्विचार किया और मेडिकल कॉलेज को मान्यता प्रदान कर दी। इससे जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

सांसद संतोष पांडेय ने मेडिकल कॉलेज को मान्यता मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने के समान है और इससे पूरे क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर सांसद संतोष पांडेय लगातार सक्रिय रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2021 में लोकसभा में कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज खोलने का मुद्दा उठाया था और तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को भी पत्र लिखा था। इसके बाद वर्ष 2023 में तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया से मुलाकात कर इस मांग को दोहराया। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर भवन निर्माण के लिए प्रशासनिक मंजूरी दिलाने का भी प्रयास किया। अब एनएमसी से मान्यता मिलने के साथ जिले में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम पूरा हो गया है।