नगरी सिविल अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की बड़ी पहल

नगरी सिविल अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। 14-15 वर्ष की किशोरियों को निशुल्क वैक्सीन देकर उन्हें भविष्य के खतरे से बचाने की पहल की गई।

Apr 6, 2026 - 17:18
 0  3
नगरी सिविल अस्पताल में एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की बड़ी पहल

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन। महिलाओं में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए नगरी सिविल अस्पताल में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। शासन के निर्देशानुसार यहां विशेष टीकाकरण अभियान के तहत एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का शुभारंभ किया गया। यह अभियान विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष की आयु की किशोरियों को ध्यान में रखकर संचालित किया जा रहा है, ताकि उन्हें समय रहते इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।

इस अवसर पर क्षेत्र की विधायक अम्बिका मरकाम ने दूरभाष के माध्यम से हितग्राहियों को शुभकामनाएं दीं और अस्पताल स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं के लिए एक वरदान है, जो उन्हें गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से सुरक्षित रखेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।

सत्र के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.एन. सोम ने उपस्थित पालकों और हितग्राहियों को संबोधित करते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष की आयु इस टीके के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है, क्योंकि इस उम्र में दिया गया टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके दुष्प्रभाव नगण्य हैं।

खंड कार्यक्रम प्रबंधक हितेंद्र साहू ने अभियान की तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस टीकाकरण अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंचना है। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में यह वैक्सीन लगभग 4000 रुपये प्रति डोज की दर से उपलब्ध है, जबकि नगरी सिविल अस्पताल में इसे निःशुल्क और सिंगल डोज में दिया जा रहा है।

सुविधा को ध्यान में रखते हुए सप्ताह के अलग-अलग दिनों में विभिन्न स्वास्थ्य सेक्टरों के लिए टीकाकरण का कार्यक्रम तय किया गया है। सोमवार को कुकरेल, केरेगांव और गत्तासिल्ली, बुधवार को बेलरगांव और बोरई, गुरुवार को सांकरा तथा शनिवार को दुगली और सिहावा सेक्टर के हितग्राहियों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक टीकाकरण किया जाएगा।

अभियान के पहले दिन 6 बालिकाओं को विशेषज्ञों की निगरानी में टीका लगाया गया, जो पूरी तरह स्वस्थ पाई गईं। अस्पताल प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के आवश्यक दस्तावेजों के साथ अस्पताल पहुंचकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं।

इस कार्यक्रम में एल.आर. नागेश, संदीप शुक्ला, शशीकला बारले, नीरेंद्र साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और मितानिन कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह पहल क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।