कवर्धा में युवती से दुष्कर्म मामला: चिल्फी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा जांच जारी है और पीड़िता का इलाज कराया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती अपने परिचित के घर आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह वापस लौट रही थी। इसी दौरान ग्राम सरोदादादर से रानीदहरा मार्ग के बीच जंगल क्षेत्र में उसके साथ वारदात होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी में यह भी आशंका जताई गई थी कि युवती को शराब पिलाने के बाद घटना को अंजाम दिया गया, हालांकि पुलिस द्वारा इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और महिला थाना की टीम तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस ने युवती को जंगल क्षेत्र से बरामद कर तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया और जांच शुरू की।
कबीरधाम पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पीड़िता के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिसम्मत तरीके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अभी कुछ वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की जानी बाकी हैं। पीड़िता द्वारा आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूर्ण होने तक आरोपियों की फोटो और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जांच निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से की जा रही है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जल्द ही न्यायालय में मजबूत केस प्रस्तुत किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।