आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सक्ती पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, नगदी और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा मामले की तकनीकी और वित्तीय जांच जारी है।

May 17, 2026 - 10:58
 0  12
आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. जीके कुर्रे, सक्ती l छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना सक्ती पुलिस ने यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की, जिसमें ऑनलाइन जुआ और सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, नगदी रकम और कई डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे ऑनलाइन सट्टे और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस और साइबर टीम लगातार मुखबिरों के माध्यम से सूचना एकत्र कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हटरी धर्मशाला के पास रहने वाले आदर्श अग्रवाल और श्रेयांश अग्रवाल अपने-अपने मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। बताया गया कि आरोपी हर रन, बॉल, विकेट और हार-जीत पर लोगों से रुपए लगवाकर अवैध रूप से कमाई कर रहे थे।

सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। रेड कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी मोबाइल फोन पर संदिग्ध गतिविधियां करते हुए पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आदर्श अग्रवाल पिता विवेक अग्रवाल उम्र 25 वर्ष तथा श्रेयांश अग्रवाल पिता संदीप अग्रवाल उम्र 22 वर्ष निवासी हटरी धर्मशाला के पास सक्ती बताया।

पुलिस द्वारा जब्त मोबाइल फोन की जांच करने पर कई ऑनलाइन बेटिंग एप्स और सट्टा साइट्स संचालित होना पाया गया। आरोपियों द्वारा अलग-अलग ऑनलाइन आईडी तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से अन्य लोगों को आईडी और पासवर्ड साझा किए जा रहे थे। साथ ही ऑनलाइन भुगतान लेने के लिए क्यूआर कोड भेजकर लेनदेन किया जा रहा था।

डिजिटल साक्ष्यों और व्हाट्सएप चैट की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैच सीएसके बनाम एलएसजी में हर गेंद, रन और विकेट पर सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस को ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और रकम के लेनदेन से जुड़े कई अहम सबूत मिले हैं।

कार्रवाई के दौरान आरोपी आदर्श अग्रवाल के पास से दो मोबाइल फोन और चार हजार रुपए नगद जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई गई है। वहीं श्रेयांश अग्रवाल के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 84 हजार रुपए है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण कर रही है और बैंक खातों व ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की विस्तृत जांच जारी है।

सक्ती पुलिस का कहना है कि इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।