बड़े पिता के घर से लौटने पर भाई बना हैवान, 18 वर्षीय बहन की कैंची मारकर हत्या
बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय युवक ने अपनी 18 वर्षीय बहन की धारदार कैंची से गले पर हमला कर हत्या कर दी। आरोपी अपनी बहन के बड़े पिता के घर से वापस आने से नाराज था। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने मामूली पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही छोटी बहन की धारदार कैंची से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 18 वर्षीय तनीशा सोनकर के रूप में हुई है, जो ग्राम परसुली की निवासी थी। तनीशा अपने बड़े पिता के घर रहकर कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। कुछ दिन पहले ही वह अपनी मां के घर वापस आई थी। इसी बात को लेकर उसका मंझला भाई कुबेर उर्फ पुकेश सोनकर उससे नाराज रहता था। आरोपी अक्सर बहन से विवाद करता था और उसे घर में नहीं रहने की बात कहकर झगड़ा करता था।
बताया जा रहा है कि 15 मई 2026 की सुबह तनीशा अपनी मां लेमिन बाई सोनकर के साथ थाना देवरी पहुंची थी। उसने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका भाई उसके साथ मारपीट और विवाद करता है। पुलिस द्वारा समझाइश देने और परिवारिक मामला होने के कारण तनीशा ने लिखित आवेदन देकर अपने भाई के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने की बात कही थी।
लेकिन उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे घर में बड़ा हादसा हो गया। तनीशा अपने बड़े भाई पंकज के साथ कमरे में अलग-अलग खाट पर सो रही थी। इसी दौरान उसकी मां घर में बर्तन साफ कर रही थी। तभी आरोपी कुबेर उर्फ पुकेश वहां पहुंचा और हत्या की नीयत से धारदार कैंची से तनीशा के गले पर हमला कर दिया। हमले में तनीशा गंभीर रूप से घायल हो गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
चीख-पुकार सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची और तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना देवरी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवती को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए राजनांदगांव स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शाम करीब 6:11 बजे डॉक्टरों ने तनीशा को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतका की मां लेमिन बाई सोनकर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ थाना देवरी में अपराध क्रमांक 73/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पहले आरोपी पर हत्या के प्रयास की धारा लगाई गई थी, लेकिन युवती की मौत के बाद हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ दी गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी बहन के बड़े पिता के घर से वापस आने से नाराज था और इसी कारण उसने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनीष शेंडे, सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद गजबिहे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं।