उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली नई गति, पुरन्दर मिश्रा ने किया विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के शंकर नगर वार्ड में विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सड़क कंक्रीटीकरण और नाली निर्माण सहित कई विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को समान महत्व के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
UNITED NEWS ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। इसी क्रम में शंकर नगर वार्ड क्रमांक 30 अंतर्गत न्यू शांति नगर और गीतांजलि नगर में विभिन्न जनहितैषी निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ विकास कार्यों की शुरुआत कर क्षेत्रवासियों को नई सौगात दी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत न्यू शांति नगर की गली क्रमांक 4सी और 3बी में सड़क कंक्रीटीकरण कार्य तथा गीतांजलि नगर में नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ जलभराव और स्वच्छता संबंधी समस्याओं से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियाद मजबूत सड़कें, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण होते हैं। इसी सोच के साथ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। नाली निर्माण और सड़क कंक्रीटीकरण जैसे कार्य न केवल लोगों की दैनिक समस्याओं का समाधान करेंगे, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन कार्यों से स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और जीवन स्तर में सुधार आएगा।
पुरन्दर मिश्रा ने यह भी कहा कि उत्तर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में समान प्राथमिकता के साथ विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जनता की मांगों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास, स्वच्छता, सड़क निर्माण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि विकास का यह क्रम भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम का आयोजन वार्ड पार्षद राजेश गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सुनील पिल्लई, साधना प्रमोद साहू, कैलाश बेहरा, राम प्रजापति, अनूप खेलकर, संजय कश्यप, वीरमणि चौबे, चंद्र प्रकाश प्रजापति, डोमेन्द्र वर्मा, गणेश निर्मलकर, शब्बीर खान, साधना चक्रवर्ती, देवाशीष गांगुली, असित राय, श्यामू यादव और प्रकाश बिठूरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
विकास कार्यों के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से आवश्यक इन निर्माण कार्यों के शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि सड़क और नाली निर्माण के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी।
उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे इन विकास कार्यों को नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहरी अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र का स्वरूप बदलेगा और जीवन अधिक सुविधाजनक बनेगा।