पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 07 मार्च 2026 को थाना कट्ठीवाड़ा पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस अन्य अपराधों के अनुसंधान और आरोपियों की तलाश में ग्राम नानीबड़ोई क्षेत्र में मौजूद थी। तभी पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोल्यारी होली फलिया निवासी सेवला पिता नाना मसानिया अपने घर के बरामदे में सूखी घास के नीचे अवैध रूप से बीयर की पेटियां छिपाकर रखे हुए है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और बताए गए स्थान पर दबिश दी। जब पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और तलाशी ली गई तो घर के बरामदे में रखी सूखी घास के नीचे बड़ी मात्रा में बीयर की पेटियां छिपाकर रखी मिलीं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने माउंट 6000 कंपनी की 26 पेटी बीयर बरामद की। इन पेटियों में कुल 624 टीन के डिब्बे पाए गए, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 500 एमएल थी। इस तरह कुल 312 बल्क लीटर बीयर जब्त की गई। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 62 हजार 400 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद आरोपी सेवला मसानिया (उम्र 43 वर्ष) से शराब रखने और विक्रय करने के संबंध में वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब रखने और संग्रह करने के आरोप में उसके खिलाफ कार्रवाई की।
कट्ठीवाड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 36 के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में थाना कट्ठीवाड़ा में अपराध क्रमांक 21/2026 दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी यह शराब कहां से लाया था और इसका अवैध कारोबार किस स्तर पर किया जा रहा था।
इस पूरी कार्रवाई में थाना कट्ठीवाड़ा के थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में उप निरीक्षक यशवंत पाटीदार, महिला प्रधान आरक्षक सुनीता, प्रधान आरक्षक चंदरसिंह, प्रधान आरक्षक पारस, आरक्षक अनिल भूरा, विकास, जितेन्द्र नरगावे और आशीष शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।